Gulveer Singh Asian Games Medal: एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में भारतीय एथलीटों का बेहतरीन प्रदर्शन लगातार देखने को मिल रहा है। मंगलवार को मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ के फाइनल में भारतीय धावक गुलवीर सिंह (Gulveer Singh) ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया। इस मेडल के साथ ही गुलवीर ने मौजूदा एशियन गेम्स में अपने 3 मेडल पूरे कर लिए हैं।
एक ही एशियन गेम्स में जीते तीन मेडल
गुलवीर सिंह के लिए एशियन गेम्स 2026 बेहद यादगार साबित हुआ है। इससे पहले वे पुरुषों की 10,000 मीटर और 1500 मीटर स्पर्धाओं में सिल्वर मेडल (silver medal) हासिल कर चुके हैं। अब 5000 मीटर में ब्रॉन्ज जीतकर वे एक ही एशियन गेम्स में तीन मेडल जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। पिछले 40 सालों में यह मुकाम हासिल करने वाले वे पहले भारतीय एथलीट हैं। उनसे पहले साल 1986 में पीटी उषा (P. T. Usha) ने एक ही एडिशन में 4 मेडल जीते थे।
5000 मीटर रेस में बनाई शुरुआत से बढ़त
5000 मीटर के फाइनल मुकाबले में गुलवीर शुरुआत से ही मुख्य धावकों के समूह के साथ बने रहे। शुरुआती 2000 मीटर की दूरी तय होने तक वे तीसरे स्थान पर चल रहे थे। रेस के अंतिम और निर्णायक दौर में भी उन्होंने अपनी रफ्तार बनाए रखी और 13:32.75 के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का गोल्ड बहरीन के बिरहानु बालेव (13:30.79) और सिल्वर जापान के यामागुची टोमोनोरी (13:31.43) ने जीता।
अन्य ट्रैक स्पर्धाओं के परिणाम
इससे पहले गुलवीर ने 10,000 मीटर रेस 28:29.38 समय में पूरी कर सिल्वर मेडल जीता था। वे इस स्पर्धा में दो एशियन गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बने हैं, क्योंकि 2023 में भी उन्होंने ब्रॉन्ज जीता था। इसके अलावा 1500 मीटर में भी उन्होंने 3:36.72 के अपने सर्वश्रेष्ठ समय के साथ सिल्वर हासिल किया था।
दिन की अन्य स्पर्धाओं में महिलाओं की 800 मीटर फाइनल में भारत की पूजा ओल्ला सातवें स्थान पर रहीं, जबकि पुरुषों की 800 मीटर में मोहम्मद अफसल आठवें स्थान पर रहे। इसी रेस में जापान के को ओचियाई ने 1:44.48 का समय निकालकर 16 साल पुराना एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ते हुए गोल्ड जीता।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026 Boxing: Ankush और Parveen ने फाइनल में बनाई जगह, नरेंद्र बेरवाल को मिला ब्रॉन्ज

