SCO New Delhi: शुक्रवार को नई दिल्ली में पहले शंघाई सहयोग संगठन SCO सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को एक बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जब चारों तरफ युद्ध और अशांति की बातें सुनाई दे रही हैं, ऐसे में भारत में सभ्यताओं के आपसी संवाद और जुड़ाव पर चर्चा होना बेहद मायने रखता है। पीएम मोदी के मुताबिक, दुनिया में शांति बनाए रखने की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव ही है, इसलिए इस मंच की अहमियत और बढ़ जाती है।
सदस्य देशों के बीच आपसी संबंधों को मजबूती
कार्यक्रम में आए मेहमानों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन ने कुछ समय पहले ही अपने 25 साल पूरे किए हैं। बीते वर्षों में इस संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में अपना दायरा बढ़ाया है। अब जब इन क्षेत्रों में काम आगे बढ़ चुका है, तो देशों के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग रिश्तों को और गहरा बना सकता है।
PM Modi को पूरा भरोसा है कि यह मंच नए विचारों को जन्म देगा और सांस्कृतिक सहयोग के नए रास्ते खोलेगा। उन्होंने कहा कि जो साझा सभ्यतागत अनुभव हमारे पास हैं, वे अलग-अलग देशों के लोगों को करीब ला सकते हैं। आज जिसे हम अंतरराष्ट्रीय सहयोग या पीपल-टू-पीपल कनेक्ट कहते हैं, उसकी जड़ें हमारे पूर्वजों की उस सोच में हैं, जिसे उन्होंने सदियों तक संजोया और आगे बढ़ाया।
पुराने रास्तों से सभ्यताओं और विचारों का मेल
PM Modi सांस्कृतिक जुड़ाव की बात करते हुए इतिहास के पन्नों में भी गए। उन्होंने बताया कि लगभग पांच हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापार होता था। आगे चलकर दूसरे व्यापारिक रास्तों ने भी अलग-अलग इलाकों को जोड़ा। भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई हिस्से इन पुराने नेटवर्क का हिस्सा थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन रास्तों से सिर्फ सामान या व्यापार ही नहीं चलता था, बल्कि विद्वान और बौद्ध भिक्षु भी आते-जाते थे। उन्हीं यात्राओं के जरिए भाषाएं, विचार और परंपराएं एक जगह से दूसरी जगह पहुंचीं। इतिहास में साम्राज्यों ने नक्शे तो बदले, लेकिन सभ्यतागत संवादों ने लोगों की सोच और विचारों को गढ़ा और समृद्ध किया।
आधुनिक तकनीक से बढ़ा सांस्कृतिक जुड़ाव
बातचीत को आज के दौर से जोड़ते हुए पीएम ने कहा कि यह मंच महज एक औपचारिक बैठक नहीं है, बल्कि यह दुनिया को रास्ता दिखा सकता है। 21वीं सदी की तकनीक ने लोगों के बीच जुड़ने के बिल्कुल नए मौके दिए हैं। जिन देशों के बीच कभी हमारे पूर्वजों को महीनों का सफर करना पड़ता था, आज वहां के लोग पल भर में एक-दूसरे से जुड़ पा रहे हैं।
डिजिटल माध्यमों ने ज्ञान बांटने और संस्कृतियों को समझने का काम काफी आसान कर दिया है। एससीओ देशों को इन साधनों का पूरा फायदा उठाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि ज्ञान जब एक जगह से दूसरी जगह जाता है, तो उसके कहने या दिखने का तरीका बदल सकता है, पर उसका असर और महत्व कभी कम नहीं होता। ज्ञान चाहे किसी भी रूप में हो, हमेशा रोशनी ही फैलाता है।
पुरानी धरोहरों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील
PM Modi ने कहा कि एससीओ के सदस्य देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हजारों साल पुरानी धरोहरें संभालकर रखी गई हैं। पुरानी पांडुलिपियां, दुर्लभ किताबें, ऐतिहासिक कागजात और कलाकृतियां इन देशों के आपसी जुड़ाव की कहानी कहती हैं।
आज की तकनीक के जरिए इस विरासत को नई पीढ़ी तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि सदस्य देश मिलकर प्राचीन ग्रंथों का डिजिटलीकरण और अनुवाद करें। साथ ही मिलकर शोध करें, ताकि साझा इतिहास की नई बातें सामने आ सकें। ऐसा होने पर दुनिया के किसी भी कोने में रहने वाला युवा दूसरे देश की संस्कृति को आसानी से जान और समझ सकेगा।
यह भी पढ़ें: PM Modi Bihar Visit : पीएम मोदी कल जाएंगे हाजीपुर, बिहार को देंगे 3 लाख करोड़ की 2,500 से ज्यादा योजनाओं की सौगात







