Kashi Ganga Mahotsav : देव दीपावली से पहले धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में सुरों की खास महफिल सजने जा रही है। वाराणसी के नमो घाट पर 20 से 23 नवंबर तक चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान देश के जाने-माने कलाकार संगीत, गायन और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। शास्त्रीय संगीत से लेकर भोजपुरी लोकगीत और भजनों तक, यहां कला और संस्कृति के कई रंग देखने को मिलेंगे। खास बात यह है कि इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
काशी गंगा महोत्सव का उद्देश्य
मंडलायुक्त के विजेंद्र पांडियन ने कमिश्नरी सभागार में पत्रकारों को बताया कि काशी गंगा महोत्सव का आयोजन शहर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। चार दिनों तक नमो घाट पर शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत, कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी जैसी नृत्य विधाओं की प्रस्तुतियां होंगी। इसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकारों के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच दिया जाएगा।
महोत्सव की शुरुआत 20 नवंबर को डमरू और शंख वादन के साथ होगी। इसके बाद राघव-प्राची की ‘काशी भजन क्लबिंग’ प्रस्तुति होगी। इस कार्यक्रम में पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ पेश किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं को भक्ति संगीत से जोड़ना है। इस तरह महोत्सव में परंपरा और आधुनिकता का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।
कल्पना पटवारी और कुमार सत्यम देंगे प्रस्तुति
काशी गंगा महोत्सव के दूसरे दिन यानी 21 नवंबर को अलग-अलग कलाकार गायन और कथक की प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, 22 नवंबर को लोक गायिका कल्पना पटवारी भोजपुरी और लोकगीतों के जरिए दर्शकों को लोक संस्कृति के रंगों से रूबरू कराएंगी। महोत्सव के अंतिम दिन 23 नवंबर को पद्मश्री पंडित शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद भजन गायक कुमार सत्यम की प्रस्तुति के साथ महोत्सव का समापन होगा।
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
काशी गंगा महोत्सव सिर्फ बड़े कलाकारों की प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र के कलाकारों को प्रोत्साहन मिलने के साथ उन्हें बड़े मंच पर अपनी पहचान बनाने का मौका मिलेगा। मंडलायुक्त के विजेंद्र पांडियन के मुताबिक, यह आयोजन काशी की परंपरागत सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत का संगम बनेगा। इसके जरिए नई पीढ़ी को शहर की कला, संगीत और संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: World Children’s Day 2026: बच्चों के अधिकार, सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी







