Ram Nagariya Mela : कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान में अभी पांच दिन बाकी हैं, लेकिन गंगा किनारे रामनगरिया मेले की रौनक दिखने लगी है। बेरियाघाट पर दूर-दराज से कल्पवासियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। गंगा तट पर अस्थायी निवास यानी राउटियां लगाई जा रही हैं। कल्पवासी यहां रहकर गंगा स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। मेले को लेकर प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
गंगा किनारे बसने लगी रामनगरिया
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हर साल बेरियाघाट पर विशाल राजकीय मेला लगता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और कल्पवासी गंगा किनारे पहुंचते हैं। कल्पवासी मुख्य स्नान से कई दिन पहले ही यहां अस्थायी निवास बनाकर रहने लगते हैं। वे गंगा स्नान के साथ पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करते हैं। मुख्य स्नान के अगले दिन अपने घर लौट जाते हैं। इस बार भी गंगा तट पर रामनगरिया का स्वरूप उभरने लगा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे मेला क्षेत्र को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। वहीं, गंगा स्नान के लिए चार घाट तैयार कराए गए हैं।
पेयजल से लेकर रोशनी तक के इंतजाम
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से कई व्यवस्थाएं की गई हैं। उनके आवागमन के लिए करीब चार किलोमीटर लंबा रास्ता बनाया गया है। सुरक्षा के लिहाज से जगह-जगह बैरिकेडिंग भी कराई गई है। मेला व्यवस्था देख रहे नहर विभाग के अवर अभियंता अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पेयजल के लिए 70 हैंडपंप और एक दर्जन से अधिक पानी के टैंकर लगाए गए हैं। रात में रोशनी के लिए 20 हाईमास्ट लाइटों समेत बिजली की व्यवस्था की गई है। महिलाओं और पुरुषों की सुविधा के लिए 60 से अधिक चेंजिंग रूम बनाए गए हैं। स्वच्छता के लिए पांच पक्के, 20 अस्थायी और एक दर्जन से अधिक मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य और राजस्व विभाग समेत अन्य विभागों के पंडाल लगाए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल और बिछड़े हुए श्रद्धालुओं की मदद के लिए खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया है।
प्रशासन ने कल्पवासियों के ठहरने के लिए जगह निर्धारित की थी, ताकि गंगा तट पर राउटियां व्यवस्थित तरीके से लगाई जा सकें। इसके बावजूद कई लोगों ने निर्धारित स्थान से आगे बढ़कर गंगा किनारे तक अस्थायी निवास बना लिए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस इन्हें रोकने में सफल नहीं हो सकी है। ऐसे में मुख्य स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित होने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परेशानी खड़ी होने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: World Children’s Day 2026: बच्चों के अधिकार, सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी







