CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश में शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के कैम्पियरगंज क्षेत्र में प्रदेश के पहले और देश के दूसरे वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया। करीब 491 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्वविद्यालय 123 एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित होगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने गोरखपुर को 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी।
गोरखपुर में बनेगा यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय
गोरखपुर की कैम्पियरगंज तहसील के भारीवैसी में बनने वाला यह विश्वविद्यालय वानिकी और औद्यानिकी की पढ़ाई के लिए एक नया केंद्र बनेगा। करीब 123 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में बनने वाली इस परियोजना पर 491 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। इस विश्वविद्यालय में वन संपदा, बागवानी और प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े विषयों पर शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को इन क्षेत्रों में पढ़ाई और शोध के नए अवसर मिल सकेंगे।
गोरखपुर में होंगे कुल पांच विश्वविद्यालय
वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद गोरखपुर शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहचान बनाएगा। यह प्रदेश का ऐसा जिला होगा, जहां दो विशिष्ट विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे। फिलहाल गोरखपुर में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय संचालित हैं। नए विश्वविद्यालय के शुरू होने से जिले में उच्च शिक्षा के विकल्प और बढ़ेंगे।
किसानों और युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। इसके जरिए वन संरक्षण, बागवानी, प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और कृषि से जुड़े शोध को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे किसानों को नई तकनीकों और बागवानी से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी। वहीं, युवाओं के लिए शिक्षा, अनुसंधान और रोजगार के नए रास्ते खुल सकते हैं।
792 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय के भूमिपूजन के साथ गोरखपुर क्षेत्र को 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। सरकार का लक्ष्य इन योजनाओं के जरिए क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों को गति देना है।
माफियाओं को लेकर सीएम योगी ने दिया सख्त संदेश
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं। अगर किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने की कोशिश की, तो ऐसे माफिया को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास के साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी सरकार की प्राथमिकता है। गोरखपुर में वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की स्थापना को शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं के अवसरों से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: FICCI के मंच से PM मोदी का बड़ा संदेश, हर बड़े निवेश का आधार हो ‘इंडिया फर्स्ट’







