Barabanki Accident : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बुधवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सफदरगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रही DCM से टकरा गई। टक्कर के कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। हालांकि, कार में सवार पांचों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बाराबंकी में रात करीब एक बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कार अयोध्या से लखनऊ की ओर जा रही थी। बुधवार देर रात करीब एक बजे सफदरगंज थाना क्षेत्र में फतेह राइस मिल के सामने कार आगे चल रही DCM से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई और कुछ मिनटों में पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई।
कार में सवार पांचों लोगों ने ऐसे बचाई जान
हादसे के बाद कार के अंदर चीख-पुकार मच गई। आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में कार में सवार पांचों लोगों ने किसी तरह दरवाजे खोलकर बाहर निकलने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद सभी सुरक्षित बाहर आ गए। उनके बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर जलती कार को देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। हादसे की सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर एक घंटे तक प्रभावित रहा यातायात
हादसे के बाद सड़क पर जली हुई कार खड़ी होने से अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। करीब एक घंटे तक दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी रहीं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने जली हुई कार को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
इस हादसे में राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी पांच लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: FICCI के मंच से PM मोदी का बड़ा संदेश, हर बड़े निवेश का आधार हो ‘इंडिया फर्स्ट’







