Varanasi Chess Championship : काशी में सजेगा देश के दिग्गज शतरंज खिलाड़ियों का महासंग्राम, 29 नवंबर से शुरू होगी राष्ट्रीय चैंपियनशिप

Share This Article

Varanasi Chess Championship : उत्तर प्रदेश में पहली बार वाराणसी सीनियर नेशनल शतरंज चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। यह यूपी में चौथी बार है, जब इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खास बात यह है कि इसमें देशभर के 500 से ज्यादा खिलाड़ी अपनी शतरंज की प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता में 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर भी हिस्सा लेंगे। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

वाराणसी में कब और कहां होगी प्रतियोगिता?

63वीं सेठ एमआर जयपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप का आयोजन 29 नवंबर से 9 दिसंबर तक किया जाएगा। प्रतियोगिता वाराणसी के बाबतपुर स्थित सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल में खेली जाएगी। यूपी शतरंज संघ के सचिव एके रायजादा ने बृहस्पतिवार को रामकटोरा स्थित एक रेस्तरां में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ संस्थागत इकाइयों के विजेता खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

30 लाख रुपये की इनामी प्रतियोगिता में जुटेंगे खिलाड़ी

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 30 लाख रुपये रखी गई है। आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने बताया कि देश के 500 से ज्यादा खिलाड़ी इसमें शामिल होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में किया जा रहा है। इसमें उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन, वाराणसी शतरंज संघ और जिला प्रशासन सहयोग कर रहे हैं। आयोजन की जिम्मेदारी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के नेतृत्व में संभाली जा रही है। प्रतियोगिता का शुभंकर ‘कौतिक’ रखा गया है।

इस चैंपियनशिप में देश के कई दिग्गज शतरंज खिलाड़ी अपनी चालों से मुकाबले को रोमांचक बनाएंगे। प्रतियोगिता में 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर के खेलने की जानकारी दी गई है। इस आयोजन का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि यहां से चयनित खिलाड़ियों को विभिन्न विश्व स्तरीय शतरंज प्रतियोगिताओं में भारतीय शतरंज दल का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जगह बनाने का भी अवसर होगी।

11 राउंड में होंगे शतरंज के मुकाबले

प्रतियोगिता का आयोजन अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ यानी FIDE के नियमों के तहत स्विस प्रणाली से किया जाएगा। इसमें कुल 11 राउंड खेले जाएंगे। प्रत्येक खिलाड़ी को शुरुआती 40 चालों के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। इसके बाद मुकाबला पूरा करने के लिए 30 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे। इस समय नियंत्रण के तहत खिलाड़ियों को अपनी रणनीति और चालों का सही इस्तेमाल करना होगा।

यह भी पढ़ें: World Children’s Day 2026: बच्चों के अधिकार, सुरक्षित बचपन और बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This