Kulgam Encounter : जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। यहां हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। वह 11 नवंबर को सीआरपीएफ की चौकी पर हुए हमले के मामले में वांछित था। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हुए थे। अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद मौके से आतंकी का शव और एक हथियार बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक, लतीफ भट ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में शरण ले रखी थी। सुरक्षाबलों को उसकी मौजूदगी की पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद बुधवार तड़के सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। यह जगह सोमवार को हुई मुठभेड़ के स्थान से करीब नौ किलोमीटर दूर थी। सोमवार को लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों ने लतीफ के सहयोगी उमर निसार डार को मार गिराया था। हालांकि, उस समय लतीफ भट भागने में कामयाब हो गया था।
आत्मसमर्पण के लिए लंबे समय तक की गई अपील
इस अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने काफी संयम दिखाया। चूंकि लतीफ एक मस्जिद में छिपा था, इसलिए धार्मिक स्थल की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने जल्दबाजी में कोई कार्रवाई नहीं की।
कुलगाम के एसएसपी इनायत अली चौधरी ने बताया कि लतीफ को आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाया गया। उन्होंने खुद और सेना के कमांडिंग ऑफिसर ने फोन पर वीडियो कॉल के जरिए उससे बातचीत की। अधिकारियों ने उसे समझाया कि वह अभी युवा है और हथियार छोड़कर आत्मसमर्पण कर सकता है। उसे सुरक्षित बाहर आने का मौका भी दिया गया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी।
गोलीबारी के बाद शुरू हुई मुठभेड़
एसएसपी के मुताबिक, काफी देर तक समझाने के बावजूद लतीफ भट ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसने सुरक्षाकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने भी कार्रवाई की, जिसमें वह मारा गया।
कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि संयुक्त अभियान में मारे गए आतंकी की पहचान मोहम्मद लतीफ भट के रूप में हुई है। वह कुलगाम के खरेवान का रहने वाला था। सीआरपीएफ के महानिदेशक जीपी सिंह ने भी इस अभियान के लिए सुरक्षाबलों की सराहना की है। अधिकारियों के अनुसार, लतीफ भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को कुलगाम में सीआरपीएफ के जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। सोमवार को उमर निसार डार के मारे जाने के बाद से ही लतीफ की तलाश की जा रही थी। बुधवार को खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में उसे भी मार गिराया गया।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को करेंगे भारत की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित







