PM Modi: नई दिल्ली में पीएम मोदी से मिलेंगे प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट

PM Modi

Share This Article

PM Modi: ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट अपने तीन दिवसीय आधिकारिक भारत दौरे पर हैं। सोमवार को मुंबई से अपनी यात्रा की शुरुआत करने के बाद, बुधवार को नई दिल्ली में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। अप्रैल 2016 के बाद प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट का यह दूसरा आधिकारिक भारत दौरा है, जो दोनों देशों के रिश्तों और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बेहद खास माना जा रहा है।

मुंबई में अर्थशॉट प्राइज समारोह

अपनी यात्रा के शुरुआती चरण में प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट सोमवार को मुंबई पहुंचे थे, जहां वे मंगलवार को आयोजित ‘अर्थशॉट प्राइज’ पुरस्कार समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण वह रहा, जब वे समारोह स्थल तक इलेक्ट्रिक ऑटो-रिक्शा (टुक-टुक) पर सवार होकर पहुंचे।

इस दौरान खुद प्रिंस विलियम ड्राइविंग सीट पर बैठे नजर आए और उन्होंने ऑटो चलाया, जबकि प्रिंसेस ऑफ वेल्स पीछे की सीट पर बैठी थीं। इस विशेष ई-रिक्शा पर ‘द अर्थशॉट प्राइज’ लिखा हुआ था। इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा के इस्तेमाल के जरिए उन्होंने पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को अपनाने का एक मजबूत संदेश दिया।

पर्यावरण नवाचारों के लिए भारत की सराहना

सोमवार को भारत पहुंचने के बाद प्रिंस विलियम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक संदेश साझा करते हुए इस दौरे को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया। उन्होंने कहा कि वे और कैथरीन इस वर्ष के अर्थशॉट प्राइज के लिए भारत आकर बेहद खुश हैं।

प्रिंस विलियम ने जलवायु परिवर्तन के खिलाफ भारत के प्रयासों की सरहाना की। उन्होंने रेखांकित किया कि पिछले छह वर्षों में अर्थशॉट प्राइज में भारत का योगदान असाधारण रहा है और दुनिया के किसी भी अन्य देश के मुकाबले इस पुरस्कार के सबसे अधिक फाइनलिस्ट तथा विजेता भारत से ही निकले हैं। उनके अनुसार, भारत आज पर्यावरणीय नवाचारों का एक प्रमुख केंद्र बन चुका है, जहां लोग मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित कर रहे हैं।

क्या है अर्थशॉट प्राइज

प्रिंस विलियम द्वारा साल 2020 में शुरू किए गए अर्थशॉट प्राइज का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन की समस्या को हल करने और प्रकृति को बचाने के लिए काम कर रहे लोगों व संस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। इस पहल के अंतर्गत प्रतिवर्ष पांच सर्वश्रेष्ठ विजेताओं का चयन किया जाता है। अपने प्रयासों को आगे बढ़ाने और उनका विस्तार करने के लिए प्रत्येक विजेता को 1 मिलियन पाउंड (भारतीय मुद्रा में 12 करोड़ रुपये से अधिक) की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है।

यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को करेंगे भारत की पहली स्वदेशी बर्ड फ्लू वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This