Chhath Puja 2026: लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। सुबह की पहली किरण के साथ ही देशभर और प्रदेश के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही नदियों, तालाबों और जलाशयों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
व्रतियों ने पारंपरिक बांस के सूप और दउरा में सजे ठेकुआ, फल, नारियल और गन्ने के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान चारों ओर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
खरना के बाद व्रतियों ने करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखकर कठिन तपस्या की। उगते सूर्य को अंतिम अर्घ्य देने और छठी मैया की आराधना के बाद व्रतियों ने पारण कर अपना व्रत पूरा किया।
दिल्ली से बिहार और उत्तर प्रदेश से झारखंड तक छठ पूजा की रौनक दिखाई दी। व्रती महिलाएं और पुरुष सुबह होने से पहले ही पूजा की सामग्री लेकर घाटों पर पहुंच गए थे। दउरे में फल और ठेकुआ के साथ दूसरे पारंपरिक पकवान रखे गए थे। परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। लोगों ने छठी मैया और सूर्य देव से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।
राजधानी दिल्ली में यमुना किनारे बने घाटों और अलग-अलग इलाकों के पूजा स्थलों पर सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। कालिंदी कुंज घाट पर बड़ी संख्या में व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। ग्रेटर कैलाश के कालकाजी DDA फ्लैट्स पार्क में भी छठ पूजा के समापन पर विशेष आयोजन हुआ। गाजियाबाद में घाटों की सजावट और लेजर लाइट आकर्षण का केंद्र रही।
यह भी पढ़ें: Badrinath Dham के कपाट आज रात होंगे बंद, चारधाम यात्रा का होगा समापन







