CM Yogi Adityanath : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रायबरेली सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। सीएम योगी ने राहुल गांधी के बयानों और आचरण पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की समृद्ध परंपरा, विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों को कोसना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी ने संविधान की शपथ ली है, इसलिए उन्हें लोकतंत्र के प्रति अपनी जवाबदेही समझनी चाहिए।
भारत की विरासत और सेना को अपमानित करने का आरोप
सीएम योगी ने राहुल गांधी के हालिया बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि जो समाज अपने पूर्वजों को भूल जाता है, उसका कोई भविष्य नहीं होता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी यूपी के बाहर जाकर राज्य को लांछित करते हैं और जब वे विदेश जाते हैं तो पूरे देश का अपमान करते हैं। इतना ही नहीं, जब देश के वीर जवान सीमाओं पर दुश्मनों का सामना करते हैं, तो राहुल गांधी उनसे भी प्रमाण मांगते हैं। सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री कोई एक व्यक्ति नहीं बल्कि भारत की एक संवैधानिक संस्था है और उनके खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग वास्तव में पूरे देश को अपमानित करने जैसा है।
कांग्रेस के दोहरे रवैये पर साधा निशाना
कार्यक्रम में सीएम योगी ने केवल राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने अजय राय के अयोध्या दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वे हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद बाहर जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। सीएम योगी ने इसे कांग्रेस का दोहरा रवैया और ढोंग करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आचरण के सामने तो गिरगिट भी शरमा जाए। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व की सपा सरकार और अखिलेश यादव पर भी हमला बोलते हुए दावा किया कि जनता आने वाले चुनावों में समाजवादी पार्टी का पूरी तरह से सफाया कर देगी।
यह भी पढ़ें: UP PM Poshan Rasoiya Mandey Hike: CM Yogi ने बढ़ाया रसोइयों का मानदेय, दी कैशलेस इलाज की सौगात । DD News Uttar Pradesh







