Minimum Support Price : पंजाब के तरनतारन में शिवराज सिंह चौहान की किसान चौपाल, खेतों में किसानों के बीच बैठकर सुनीं समस्याएं

Share This Article

Minimum Support Price : केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को पंजाब के तरनतारन जिले के गांव बूह हवेलियां में किसानों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया। यहां आयोजित किसान चौपाल में उन्होंने खेतों के बीच बैठकर किसानों की समस्याएं सुनीं और उनके सुझाव भी जाने। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने की अपील की। साथ ही पराली प्रबंधन, खेती की लागत और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसलों की खरीद को लेकर भी अपनी बात रखी।

शिवराज सिंह चौहान किसान चौपाल: किसानों को बताया अन्नदाता

किसान चौपाल में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे किसी बड़ी राजनीतिक सभा के लिए नहीं, बल्कि किसानों के बीच एक सेवक के रूप में आए हैं। उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके पूरे देश का पेट भरता है और किसानों की सेवा करना उनके लिए सबसे बड़ा दायित्व है। गुरु नानक देव जी के संदेश का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष से दूर रहकर सेवा करनी चाहिए। मंत्री पद किसी अहंकार के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा के लिए मिला है। उनके लिए किसानों की सेवा ही सतगुरु भगवान की सच्ची पूजा है।

पराली प्रबंधन और खेत बचाओ अभियान की सराहना

पंजाब के किसानों के योगदान को याद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरित क्रांति में यहां के किसानों की बड़ी भूमिका रही है। जब देश में अनाज की कमी थी, तब पंजाब के किसानों ने मेहनत करके देश के अन्न भंडार भरने में अहम योगदान दिया। हालांकि, उन्होंने खेती में बढ़ते रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पराली जलाने से भी मिट्टी की सेहत प्रभावित होती है। इससे मित्र कीट और केंचुओं की संख्या कम हो रही है। शिवराज सिंह चौहान ने गांव बूह हवेलियां के किसानों की तारीफ करते हुए बताया कि यहां पिछले छह वर्षों से पराली नहीं जलाई जा रही है। किसान हैप्पी सीडर और डायरेक्ट सीडिंग जैसी तकनीकों को अपना रहे हैं। उन्होंने इसे खेत बचाओ अभियान की दिशा में अच्छा प्रयास बताया।

कृषि मशीनों की गुणवत्ता पर राज्य सरकार को नसीहत

किसान चौपाल के दौरान प्रगतिशील किसानों ने पराली प्रबंधन में आने वाली समस्याओं और बेलर मशीनों पर मिलने वाली सब्सिडी को लेकर सुझाव दिए। किसानों ने मशीनों की गुणवत्ता और मरम्मत से जुड़ी दिक्कतें भी सामने रखीं।

इस पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार फसल अवशेष प्रबंधन (CRM) के लिए इस वर्ष भी पंजाब सरकार को करीब 286 करोड़ रुपये दे रही है। मशीनों की खरीद और उनकी गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। उन्होंने कहा कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाली मशीनें मिलनी चाहिए और खराब होने पर उनकी मरम्मत की भी उचित व्यवस्था होनी चाहिए। किसानों के सुझावों पर उन्होंने उन्हें दिल्ली बुलाकर विस्तार से चर्चा करने का भरोसा दिया।

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू करने की अपील

शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं होने पर चिंता जताई। उन्होंने राज्य सरकार से इस योजना को शुरू करने का आग्रह किया। उनका कहना था कि प्राकृतिक आपदा और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में किसानों को फसल नुकसान से राहत दिलाने के लिए यह योजना उपयोगी है।

उन्होंने बताया कि बाढ़ के दौरान भी उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर योजना लागू करने का अनुरोध किया था। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को खेती के साथ पशुपालन, मछली पालन और मुर्गी पालन जैसी गतिविधियां अपनाने की सलाह दी, ताकि उनकी आमदनी के दूसरे स्रोत भी तैयार हो सकें।

MSP पर खरीद को लेकर केंद्र सरकार का भरोसा

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार धान और गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद कर रही है। उन्होंने दलहन की तुअर, मसूर और उड़द की 100 प्रतिशत खरीद तथा कपास की MSP पर खरीद को भी मोदी सरकार की प्रतिबद्धता बताया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती यूपीए सरकार की तुलना में मौजूदा सरकार के दौरान फसलों की खरीद में कई गुना बढ़ोतरी हुई है। केंद्र सरकार किसानों की उपज की खरीद आगे भी जारी रखेगी।

यह भी पढ़ें: कानपुर में तेंदुए का आतंक, फूलों के खेत में छिपे जानवर ने 9 ग्रामीणों को किया घायल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This