Meerut में लगेगा 2900 करोड़ का बॉल कॉर्पोरेशन प्लांट, CM Yogi ने किया शिलान्यास; हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

Meerut, CM Yogi

Share This Article

CM Yogi in Meerut: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश का सिलसिला लगातार आगे बढ़ रहा है। बुधवार 25 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में वैश्विक कंपनी ‘बॉल कॉर्पोरेशन’ (Ball Corporation) की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया। मेरठ में 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से एल्युमिनियम बेवरेज कैन बनाने की यह विश्वस्तरीय इकाई तैयार की जा रही है। भूमिपूजन के मौके पर मुख्यमंत्री ने बॉल कॉर्पोरेशन की टीम का आभार जताते हुए कहा कि यह प्रोजेक्ट ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ की यात्रा में एक बड़ा कदम साबित होगा।  

लगातार आ रहे निवेश से बढ़ रहा वैश्विक भरोसा  

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रहे निवेश की निरंतरता का जिक्र करते हुए बताया कि कुछ ही दिन पहले सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के नए प्लांट का भूमिपूजन हुआ है। इसके अलावा दो दिन पहले ताइवान की क्रिएटिव सेंसर कंपनी के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर सकारात्मक बातचीत हुई, और अब मेरठ में बॉल कॉर्पोरेशन के प्लांट का शिलान्यास हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम दिखाता है कि दुनिया भर के निवेशकों का भरोसा उत्तर प्रदेश पर लगातार मजबूत हो रहा है।

स्थानीय कारोबार और युवाओं को मिलेंगे नए अवसर 

सीएम योगी ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन मेरठ प्लांट पूरे क्षेत्र के लिए एक ‘एंकर यूनिट’ की तरह काम करेगा। इसके शुरू होने से हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। साथ ही, स्थानीय स्तर पर काम करने वाले MSME उद्यमियों, पैकेजिंग सप्लायर्स, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्ट और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारियों के लिए भी काम के नए रास्ते खुलेंगे। उन्होंने कहा कि मेरठ पहले से ही अपने ODOP स्पोर्ट्स गुड्स के लिए दुनिया भर में जाना जाता है। यहां मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी चल रहा है, और अब पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ मेरठ आधुनिक ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का भी बड़ा केंद्र बन रहा है।

बेहतर कनेक्टिविटी से कंपनी को मिलेगा बड़ा बाजार 

मेरठ को चुनने के फैसले की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे, दिल्ली-एनसीआर और 25 हजार हेक्टेयर में फैले यीडा क्षेत्र की नजदीकी मेरठ को खास बनाती है। इसके अलावा जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की निकटता और ईस्टर्न व वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की सुविधा से यहां का लॉजिस्टिक्स नेटवर्क काफी मजबूत हुआ है।

उन्होंने बताया कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक बेवरेज का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में मेरठ की लोकेशन बॉल कॉर्पोरेशन को अपने ग्राहकों के करीब रहकर पूरे देश और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबार बढ़ाने में मदद करेगी। साथ ही यीडा (Yieda) क्षेत्र में सिंगापुर, जापान और ताइवान सिटी के जरिए विदेशी कंपनियों और उनकी आधुनिक तकनीक को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

2017 के बाद से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव 

सीएम योगी मेरठ निवेश कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश की आर्थिक स्थिति में आए बदलावों के आंकड़े भी रखे। उन्होंने कहा कि कभी पिछड़े राज्यों की श्रेणी में गिने जाने वाले यूपी का बजट, GSDP, प्रति व्यक्ति आय और कामकाजी महिलाओं की भागीदारी 2017 के मुकाबले आज तीन गुना हो चुकी है। आज उत्तर प्रदेश एक रेवेन्यू सरप्लस राज्य है, जो दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के वार्षिक पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) के साथ देश में सबसे आगे है और अब देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।

फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार के पार 

आंकड़े साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आजादी के बाद से 2017 तक यानी करीब 70 सालों में उत्तर प्रदेश में कुल 14 हजार फैक्ट्रियां ही लग सकी थीं, जो औसतन हर साल करीब 200 फैक्ट्रियां होती हैं। अगर पहले जैसी ही धीमी गति रहती, तो पिछले साढ़े नौ साल में मुश्किल से 1,700 से 1,800 नई इकाइयां ही लग पातीं। लेकिन बेहतर कानून-व्यवस्था, सड़क संपर्क, औद्योगिक लैंड बैंक और कुशल युवाओं की उपलब्धता के कारण सरकार ने साढ़े नौ साल में हर साल औसतन 2,200 से ज्यादा नई इकाइयां जोड़ीं। इस तरह 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां लगने से आज यूपी 35 हजार से ज्यादा फैक्ट्रियों के साथ देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र बन चुका है।

मोबाइल निर्माण से लेकर सेमीकंडक्टर तक में बढ़त 

उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास की रफ्तार का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आज देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का निर्माण यूपी में हो रहा है। इसके साथ ही डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्र भी राज्य की ताकत बढ़ा रहे हैं। उद्योगों की जरूरत के हिसाब से युवाओं को तैयार करने के लिए लाखों आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ-साथ दो लाख से ज्यादा स्टेम (STEM) ग्रेजुएट्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव और आसान नीतियां  

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। जल्द ही होने वाले इन्वेस्टर्स समिट में 7.50 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा।

आज प्रदेश में एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप्स काम कर रहे हैं। एफडीआई और फॉर्च्यून-500 नीति, 36 सेक्टोरल पॉलिसी, 75 हजार एकड़ से ज्यादा का लैंड बैंक, 27 आधुनिक आईएमएलसी क्लस्टर्स और सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र’ ने कारोबार करना काफी आसान बना दिया है। आज सैमसंग, एलजी, डिक्सन, एचसीएल-फॉक्सकॉन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और अब बॉल कॉर्पोरेशन जैसी बड़ी कंपनियां ‘मेक इन यूपी, मेक फॉर द वर्ल्ड’ के लक्ष्य को पूरा करते हुए राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

यह भी पढ़ें: UP News: लखनऊ समेत 6 जिलों में विकास की नई तैयारी, LDA का दायरा बढ़ेगा, बाराबंकी को मिलेगा नया विकास प्राधिकरण

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This