Bihar Government : बिहार के युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अब राज्य के युवाओं को नौकरी और रोजगार की तलाश में अपनी राजधानी पटना का रुख नहीं करना पड़ेगा। बिहार सरकार ने फैसला किया है कि अगले वर्ष से राज्य के सभी जिलों में स्थानीय स्तर पर ही मेले आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को उनके घर के पास ही रोजगार मिल सके।
मेगा जॉब फेयर में 20 हजार से ज्यादा युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र
पटना के ज्ञान भवन में आयोजित पांच दिवसीय मेगा जॉब फेयर के समापन और नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में यह बड़ा ऐलान किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की दिग्गज कंपनियों के माध्यम से 20,226 से अधिक युवाओं को अलग-अलग पदों के लिए चुना गया और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए। निजी क्षेत्र की इन कंपनियों ने युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार 15 हजार रुपये से लेकर 60 हजार रुपये प्रति माह तक के आकर्षक सैलरी पैकेज पर नियुक्त किया है। सरकार का मुख्य मकसद रोजगार देने की इस प्रक्रिया को विकेंद्रीकृत करना है।
प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान और प्रशिक्षण केंद्रों का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और उद्घाटन भी हुए। युवाओं को प्रेरित करने के लिए इंडिया स्किल्स कार्यक्रम के स्वर्ण पदक विजेताओं को एक-एक लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता के परिवार को 50 हजार रुपये का प्रोत्साहन चेक दिया गया। इसके अलावा राज्य में स्थापित नए प्रशिक्षण कौशल विकास केंद्रों का भी उद्घाटन हुआ।
रोजगार और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए पटना में बनेगा वर्ल्ड ट्रेड सेंटर
बिहार में बिजनेस और रोजगार के नए रास्ते खोलने के लिए राजधानी पटना में एक वर्ल्ड ट्रेड सेंटर बनाने की योजना पर भी मुहर लगाई गई है। इस पांच दिवसीय मेले में बैंकिंग, रिटेल, इंश्योरेंस और बीएफएसआई जैसे कई बड़े सेक्टर की कंपनियों ने हिस्सा लिया था। सरकार की इस पहल से आने वाले समय में राज्य के युवाओं के लिए अपने ही जिले में तरक्की के नए दरवाजे खुलेंगे।
यह भी पढ़ें: UP PM Poshan Rasoiya Mandey Hike: CM Yogi ने बढ़ाया रसोइयों का मानदेय, दी कैशलेस इलाज की सौगात । DD News Uttar Pradesh







