World Athletics U20 Championship : विश्व एथलेटिक्स के मंच पर भारत के युवा सितारों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। पेरू की राजधानी लीमा में खेली जा रही वर्ल्ड एथलेटिक्स अंडर-20 चैंपियनशिप में भारतीय एथलीटों ने एक ही दिन में दो मेडल जीतकर नया इतिहास रच दिया है। राजस्थान के 19 वर्षीय बसंत कुमार मेघवाल ने पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया, वहीं शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में देश के लिए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इन दो पदकों के साथ ही भारत के कुल मेडलों की संख्या तीन हो गई है।
2.21 मीटर की छलांग लगाकर चमके बसंत कुमार मेघवाल
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती कस्बे अनूपगढ़ के रहने वाले और भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व करने वाले बसंत कुमार मेघवाल ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ (Personal Best) प्रदर्शन करते हुए 2.21 मीटर की ऊंचाई सफलतापूर्वक पार की। इस उपलब्धि के साथ वह वर्ल्ड अंडर-20 चैंपियनशिप के इतिहास में हाई जंप में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
इस स्पर्धा में मुकाबला इतना कड़ा था कि अल्जीरिया के यूनेस अयाची, भारत के बसंत और ग्रेट ब्रिटेन के ओटिस पूल—तीनों ने ही 2.21 मीटर की ऊंचाई पार की। हालांकि, जब तीनों एथलीट 2.24 मीटर की ऊंचाई पार करने में असफल रहे, तो मेडल का फैसला काउंटबैक नियम से हुआ। अयाची ने 2.21 मीटर की दूरी पहले प्रयास में पार की, इसलिए उन्हें गोल्ड मिला। बसंत ने यह सफलता दूसरे प्रयास में हासिल की जिससे उन्हें सिल्वर और तीसरे प्रयास में सफलता पाने वाले ओटिस पूल को ब्रॉन्ज मेडल मिला।
शाहनवाज खान ने लॉन्ग जंप में दिलाया ब्रॉन्ज मेडल
हाई जंप में इतिहास रचने के कुछ ही देर बाद 18 वर्षीय शाहनवाज खान ने पुरुषों की लॉन्ग जंप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत की खुशी को दोगुना कर दिया। शाहनवाज ने अपने तीसरे प्रयास में 7.84 मीटर की लंबी छलांग लगाकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में इटली के डेनिएले इंजोली ने 7.97 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड और ऑस्ट्रेलिया के मेसन मैकग्रोडर ने 7.96 मीटर के साथ सिल्वर मेडल जीता। इसी स्पर्धा के फाइनल में भारत के एक और एथलीट आरसी जितिन अर्जुनन 7.59 मीटर की छलांग के साथ आठवें स्थान पर रहे।
भाला फेंक में आशीष यादव ने जीता था पहला सिल्वर मेडल
इससे पहले भारत को चैंपियनशिप में पहला मेडल 7 अगस्त को मिला था, जब स्टार जैवलिन थ्रोअर आशीष यादव ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। इसके साथ ही आशीष, ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा के बाद वर्ल्ड अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के जैवलिन थ्रो में सिल्वर मेडल जीतने वाले देश के दूसरे खिलाड़ी बने थे।







