Rajya Sabha Elections 2026: उत्तर प्रदेश की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर, जहां राज्यसभा चुनाव को लेकर BJP ने अपना दमखम दिखाया है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी के सभी 8 उम्मीदवारों ने मंगलवार को विधानभवन पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। नामांकन से पहले सभी आठों प्रत्याशी बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद सभी उम्मीदवार विधानभवन पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। दरअसल, बीजेपी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए अपने आठ उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था। इनमें धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं। बीजेपी के इन आठों उम्मीदवारों के नामांकन के साथ ही राज्यसभा चुनाव को लेकर यूपी में सियासी हलचल और तेज हो गई है। अब सभी की नजरें चुनावी प्रक्रिया और आगे की रणनीति पर टिकी हैं। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होगा। ऐसे में आने वाले दिनों में सियासी समीकरण और भी दिलचस्प होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: Cabinet Decisions: ट्रांसपोर्ट और छोटे कारोबारियों के लिए सरकार का बड़ा कदम, जानिए कैसे होगा फायदा

