- पश्चिमी विक्षोभ का असर, तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी के संकेत
- कई जिलों में 50 किमी/घंटा तक चलेंगी हवाएं
UP में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम में आए बदलाव के चलते अब अगले दस दिनों तक प्रदेशवासियों को तपिश से निजात मिलने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के 58 जिलों में हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार से मौसम ने करवट ली और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी देखने को मिली। खासकर बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में इसका असर साफ नजर आया। झांसी में 6.9 मिमी और ललितपुर में 3 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि आगरा, अलीगढ़ और मथुरा समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि, इस दौरान बांदा में गर्मी का प्रकोप बरकरार रहा। 27 अप्रैल को यहां का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो न केवल देश बल्कि वैश्विक स्तर पर भी सबसे अधिक रहा। इसके बावजूद मौसम में आए बदलाव से अब गर्मी के तेवर नरम पड़ने की उम्मीद है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में बारिश और आंधी के आसार हैं। इसके प्रभाव से अगले दस दिनों तक प्रदेश में लू चलने की संभावना कम हो जाएगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। इसमें प्रयागराज, गोरखपुर, वाराणसी, देवरिया और सीतापुर समेत कई जिले शामिल हैं। मौसम में इस बदलाव से जहां किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं आम लोगों को भी भीषण गर्मी से कुछ दिनों के लिए राहत मिलेगी। हालांकि, विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें।
यह भी पढ़ें: UP Police Bharti 2026: 1 लाख नए पदों पर जल्द शुरू होगी बहाली







