West Bengal Election 2026 के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान बुधवार सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है। इस चरण में राज्य की कुल 294 सीटों में से 142 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और रिकॉर्ड मतदान करने की अपील की है।
पीएम मोदी का मतदाताओं से खास आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से West Bengal के मतदाताओ से मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक लोगों का मतदान करना जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं से बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों तक पहुंचने और अपने मताधिकार का उपयोग करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि अधिक भागीदारी से लोकतंत्र और भी सशक्त और जीवंत बनता है।
हाई-प्रोफाइल सीटों पर कड़ा मुकाबला
West Bengal विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में कई हाई-प्रोफाइल और राजनीतिक रूप से अहम सीटों पर वोटिंग हो रही है, जिन पर पूरे देश की नजर बनी हुई है। इनमें भवानीपुर विधानसभा सीट सबसे ज्यादा चर्चा में है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। यह सीट प्रतिष्ठा की लड़ाई मानी जा रही है, क्योंकि दोनों ही नेता राज्य की राजनीति के बड़े चेहरे हैं और उनकी जीत-हार का सीधा असर पूरे चुनावी परिणाम पर पड़ सकता है। इसके अलावा सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से भी मैदान में हैं, जो पहले भी काफी चर्चित रही है। नंदीग्राम को राजनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील और अहम सीट माना जाता है, जहां पहले भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। यहां उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है, लेकिन इस बार मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
West Bengal की इन प्रमुख सीटों के अलावा भी कई अन्य क्षेत्रों में दिग्गज उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जिससे चुनावी टक्कर और भी रोचक हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन हाई-प्रोफाइल सीटों के नतीजे न केवल राज्य की सत्ता का रुख तय करेंगे, बल्कि आने वाले समय की राजनीति की दिशा भी निर्धारित कर सकते हैं। इसलिए इन सीटों पर मतदाताओं का उत्साह और राजनीतिक गतिविधियां दोनों ही चरम पर हैं।
West Bengal Election 2026 मे मतदाताओं और उम्मीदवारों के आंकड़े
West Bengal Election 2026 के इस चरण में कुल 1,448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,228 पुरुष और 220 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। दक्षिण 24 परगना के भांगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि हुगली जिले में कुछ सीटों पर उम्मीदवारों की संख्या सबसे कम, लगभग 5 है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, इन 142 सीटों पर कुल 3.21 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जो इन क्षेत्रों की कुल आबादी का लगभग 64 प्रतिशत है। इनमें करीब 1.64 करोड़ पुरुष, 1.57 करोड़ महिलाएं और 792 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सभी मतदाताओं को वोटर आईडी (EPIC) जारी की जा चुकी है। इसके अलावा, 100 वर्ष से अधिक उम्र के 3,243 मतदाता और 85 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 1.96 लाख मतदाता भी इस चुनाव में भाग ले रहे हैं। साथ ही 146 एनआरआई मतदाता और करीब 39,961 सेवा मतदाता भी शामिल हैं। कोलकाता सहित नदिया, पूर्वी बर्दवान, हुगली, दक्षिण और उत्तर 24 परगना तथा हावड़ा जिलों की इन सीटों पर मतदान हो रहा है। West Bengal में क्षेत्रफल की दृष्टि से कोलकाता की जोड़ासांको सीट सबसे छोटी है, जबकि नदिया की कल्याणी सीट सबसे बड़ी मानी जा रही है। वहीं मतदाताओं की संख्या के हिसाब से भाटपारा सीट सबसे छोटी और चुंचुड़ा सीट सबसे बड़ी है।







