Uttarakhand Bus Accident: ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर भीषण बस हादसा, 8 यात्रियों की मौत, 20 से ज्यादा लोग घायल

Uttarakhand Bus Accident

Share This Article

Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर बाजार के समीप यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 8 लोगों की जान चली गई है, जबकि लगभग 20 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

भोर के समय हुआ दर्दनाक हादसा

खबरों के अनुसार, बस हरिद्वार से जोशीमठ (ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर) जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे गूलर बाजार के पास एक पुल के समीप करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। बस में करीब 34 यात्री सवार थे।

एसडीआरएफ (SDRF) और पुलिस का त्वरित बचाव अभियान

हादसे की खबर मिलते ही ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से ‘राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल’ (SDRF) की टीमें और स्थानीय पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस अभियान में 26 घायल यात्रियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। वहीं, अब तक करीब 8 लोगों की मृत्यु की जानकारी सामने आई है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिए उचित उपचार के निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के माध्यम से इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने गूलर के साथ-साथ रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ और टिहरी की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने को अत्यंत पीड़ादायक बताया। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और प्रभावितों की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यक्त की संवेदना

इस दुखद घटना पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक प्रकट किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से जारी संदेश में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में हुए हादसे में लोगों के निधन की खबर अत्यंत व्यथित करने वाली है। उन्होंने इस कठिन घड़ी में शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

यह भी पढ़ें: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को ‘समरसता संकल्प यात्रा’ का शुभारंभ करेंगे

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This