Uttar Pradesh ATS : पाकिस्तान कनेक्शन पर UP ATS की बड़ी कार्रवाई, 17 हिरासत में; 3 संदिग्ध अब भी रडार पर | DD News UP

Share This Article

Uttar Pradesh ATS : उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने पाकिस्तान से संदिग्ध संबंधों के मामले में एक बड़ी और कड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान सर्विलांस और खुफिया नेटवर्क को मिले इनपुट के आधार पर एटीएस ने कानपुर नगर, कानपुर देहात और कन्नौज जिलों से 17 लोगों को हिरासत में लिया था। एटीएस मुख्यालय में लंबी पूछताछ और प्राथमिक छानबीन के बाद 14 लोगों को रिहा कर दिया गया है, जबकि कानपुर नगर निवासी तीन प्रमुख संदिग्धों को अभी भी हिरासत में रखा गया है। इन तीनों से सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्कता से पूछताछ कर रही हैं।

स्वतंत्रता दिवस पर एक्टिव हुआ था सर्विलांस नेटवर्क

एटीएस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अपने खुफिया व सर्विलांस नेटवर्क को अलर्ट मोड पर रखा हुआ था। इसी दौरान एजेंसी को जानकारी मिली कि कानपुर नगर के बांसमंडी, चमनगंज, बेकनगंज और मछरिया इलाकों के अलावा कन्नौज और कानपुर देहात के कुछ लोग लगातार पाकिस्तान में बैठे व्यक्तियों के साथ फोन पर संपर्क में हैं। इसके बाद 16 अगस्त को एटीएस की टीम ने त्वरित अभियान चलाकर इन सभी 17 संदिग्धों को पकड़ा और आगे की जांच के लिए लखनऊ मुख्यालय ले आई।

14 लोग छोड़े गए, तीन संदिग्धों से पूछताछ जारी

लखनऊ में लगातार कई दिनों तक चली पूछताछ के बाद 21 अगस्त तक 14 लोगों को छोड़ दिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि इन 14 लोगों के रिश्तेदार पाकिस्तान में रहते हैं, जिसकी वजह से वे सामान्य तौर पर उनसे फोन पर बात कर रहे थे। हालांकि, कानपुर नगर के तीन संदिग्धों के मामले में कहानी अलग निकली। एटीएस को इनके मोबाइल फोन में कुछ संदिग्ध गतिविधियां, एनक्रिप्टेड चैट्स और डाटा मिला है, जिसके चलते इन्हें रिहा नहीं किया गया और गहन पूछताछ की प्रक्रिया जारी रखी गई है।

स्लीपिंग मॉड्यूल होने का शक, डिलीट डाटा की रिकवरी जारी

एटीएस के उच्च सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हिरासत में मौजूद तीनों संदिग्धों पर यह शक गहराता जा रहा है कि वे दुश्मन देश की खुफिया एजेंसी के लिए ‘स्लीपिंग मॉड्यूल’ के तौर पर काम कर रहे थे। वे कथित तौर पर कानपुर नगर के छावनी (कैंटोनमेंट) क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील ठिकानों की जानकारी सरहद पार भेज रहे थे। एटीएस की टेक्निकल टीम अब इन तीनों के मोबाइल से डिलीट किए गए मैसेज, फोटो, ऑडियो और वीडियो को रिकवर करने में जुटी है, ताकि इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचा जा सके।

Read More :  अयोध्या से राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी समेत बड़े नेताओं को भेजी जाएगी खास राखी | DD News UP

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This