Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर-निघासन रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ओमनी वैन की टक्कर में चार की मौत, छह घायल

Lakhimpur Kheri News

Share This Article

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। लखीमपुर-निघासन मार्ग पर खम्भारखेड़ा चीनी मिल के पास तेज रफ्तार ट्रक और ओमनी वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में वैन सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

आमने-सामने की टक्कर से वैन बूरी तरह क्षतिग्रस्त

जानकारी के मुताबिक, ओमनी वैन लखीमपुर से सवारियां लेकर निघासन की तरफ जा रही थी। सोमवार रात करीब एक बजे वैन खम्भारखेड़ा चीनी मिल के नजदीक पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।

बताया जा रहा है कि वैन में चालक समेत करीब दस लोग सवार थे। इनमें से अधिकतर लोग लखनऊ और लखीमपुर से वापस अपने घर लौट रहे थे। देर रात अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वे लखीमपुर के मेला मैदान से वैन में सवार हुए थे।

चार लोगों की मौके पर मौत, छह गंभीर रूप से घायल

हादसे में चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान निघासन थाना क्षेत्र के कटहा गांव निवासी 30 वर्षीय पप्पू और 50 वर्षीय जगन्नाथ के रूप में हुई है। इसके अलावा आदलाबाद गांव निवासी अजय, पुत्र गोविंद और पढ़ुआ थाना क्षेत्र के बिछुआ गांव निवासी बहादुर, पुत्र गोबरे की भी इस दुर्घटना में जान चली गई। वहीं, वैन में सवार छह अन्य लोग हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। ये सभी निघासन और शारदानगर क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: फर्रुखाबाद की हरी मटर को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार, एपीडा ने कतर के लिए भेजी पहली खेप

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This