UP News : उत्तर प्रदेश के नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों के लिए सोमवार का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में 1,375 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10:30 बजे विभूति खंड स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में होगी। मुख्यमंत्री मंच से 11 नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र देंगे। इसके बाद अन्य चयनित अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास और पंचायतों से जुड़े कामकाज पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी।
इसके अलावा दो नवचयनित ग्राम पंचायत अधिकारियों को अपनी चयन प्रक्रिया और अनुभव साझा करने का मौका दिया जाएगा। कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों और पंचायत स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी।
