PM Modi’s 25-Year Journey: उत्तर प्रदेश की राजधानी Lucknow स्थिति GPO के पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। यह खास कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम को जहां PM Modi ने वर्चुअली संबोधित कर देशवासियों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प दिलाया, वहीं मंच पर उपस्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके 25 साल के सफर को देश के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
Gujarat के छोटे गांव से वैश्विक मंच तक का सफर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गुजरात के एक छोटे से गांव से निकलकर नरेंद्र मोदी ने आज देश का नेतृत्व संभाला है और वैश्विक स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 का जिक्र करते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब राज्य भीषण आपदा, अव्यवस्था और चुनौतियों से जूझ रहा था। उस कठिन समय में उन्होंने जिम्मेदारी संभाली और गुजरात को विकास के एक नए मॉडल के रूप में देश के सामने पेश किया।
कमजोर अर्थव्यवस्था से दुनिया की टॉप-5 ताकत तक
CM Yogi ने भारत की आर्थिक प्रगति पर बात करते हुए बताया कि करीब 12 साल पहले तक भारत की गिनती दुनिया की कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में की जाती थी। आज वही भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। देश में स्टार्टअप्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले इनकी संख्या कुछ हजार तक सीमित थी, लेकिन आज देश में ढाई लाख से अधिक सक्रिय स्टार्टअप हैं। युवा शक्ति को नई दिशा देने के लिए सरकार मिशन रोजगार के जरिए नौकरी व स्वरोजगार के ढेरों अवसर बना रही है।
यूपी में ‘एक जिला-एक माफिया’ का दौर खत्म
उत्तर प्रदेश में आए कानून-व्यवस्था और विकास के बुनियादी बदलावों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब प्रदेश की पहचान ‘एक जिला-एक माफिया’ के रूप में की जाती थी। हालांकि, बीते कुछ वर्षों में सरकार की नीतियों के कारण अब यूपी ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज, एक जिला-एक उत्पाद और एक जिला-एक व्यंजन’ के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और जनधन खातों के माध्यम से चालू हुए डीबीटी सिस्टम ने सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाया है, जिससे बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह खत्म हो गई है।
कनेक्टिविटी और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता
देश में बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर नेटवर्क का उल्लेख करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रेलवे में ब्रॉडगेज, शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन, वंदे भारत, नमो भारत ट्रेनों और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर से परिवहन आसान हुआ है। वहीं, साल 2014 के मुकाबले आज देश में चालू एयरपोर्ट्स की संख्या दोगुनी हो चुकी है। रक्षा और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अब देश रक्षा उपकरणों का निर्यात कर रहा है और देश में 12 से अधिक सेमीकंडक्टर परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
संबोधन के समापन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को झंडी दिखाकर आगे के लिए रवाना किया।

