PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वैशाली में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी विकास, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों सम्मिलित हैं। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर लगभग 2 बजे विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होकर जनसमूह को संबोधित करेंगे।
गंगा पर बने नीतीश सेतु को करेंगे राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर बिदुपुर से जोड़ती है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। इस पुल के चालू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। राघोपुर दियारा के लोगों को पटना तक पहुंचने और शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाओं तक पहुंच भी सुलभ होगी। इसके अलावा कृषि और औद्योगिक उत्पादों के परिवहन तथा बाजारों तक पहुंच को बेहतर बनाने में यह पुल अहम भूमिका निभाएगा।
15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। सड़क क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा खंड, राष्ट्रीय राजमार्ग-227एफ के चोरमा-बैरगनिया खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग-327 के उमगांव-सहरसा खंड के छह लेन निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इनका उद्देश्य राज्य में सड़क नेटवर्क और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है।
ऊर्जा क्षेत्र में बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-2 का उद्घाटन भी कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके साथ बिजली वितरण और पारेषण व्यवस्था से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू की जाएंगी। इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (RDSS) के तहत बिजली वितरण में होने वाले नुकसान को कम करने के कार्य शामिल हैं।
जल संसाधन और शहरी विकास को भी मिलेगा विस्तार
प्रधानमंत्री नहरों और तटबंधों के पुनरुद्धार एवं सुदृढ़ीकरण से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। नवादा के फुलवरिया बांध में फ्लोटिंग सोलर परियोजना और कहलगांव में सीवरेज अवसंरचना से संबंधित कार्य भी इसमें शामिल हैं। इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और लोक प्रशासन से संबंधित भवनों एवं सुविधाओं का लोकार्पण किया जाएगा।
14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
प्रधानमंत्री लगभग 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-139डब्ल्यू के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का चार लेन निर्माण प्रमुख है। इसके अलावा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर परियोजना (3×800 मेगावाट) के लिए लगभग 3,350 करोड़ रुपये की विद्युत निकासी परियोजना की नींव भी रखी जाएगी।
शहरी बुनियादी ढांचे के तहत बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा सहित विभिन्न शहरों में सीवरेज एवं जलापूर्ति परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इसके साथ नहर प्रणालियों के आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, आईआईटी पटना के रिसर्च पार्क एवं छात्रावास तथा इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों से जुड़ी परियोजनाएं भी शामिल हैं। आपातकालीन प्रतिक्रिया और पुलिस डेटा सेंटर के लिए बुनियादी ढांचे का विकास भी प्रस्तावित है।
बिहार में 100 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे पीएम मोदी
सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री बिहार में 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे शहरी क्षेत्रों में परिवहन सुविधाओं के विस्तार और स्वच्छ यातायात व्यवस्था को प्रोत्साहन मिलेगा।
26,900 से अधिक परिवारों का होगा गृह प्रवेश
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के लिए गृह प्रवेश समारोह भी आयोजित किया जाएगा। वहीं बिहार दौरे के दौरान इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, जलापूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य और सार्वजनिक परिवहन से जुड़े कई क्षेत्र शामिल हैं। इनका उद्देश्य राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और संपर्क व्यवस्था का विस्तार करना है।
यह भी पढ़ें: PM Modi ने किया एससीओ सभ्यतागत संवाद फोरम का उद्घाटन, बोले- शांति की सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव







