World Television Day 2026: टेलीविजन ने दुनिया को देखने और समझने का तरीका बदलने के साथ समाज को जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कभी घर-घर में मनोरंजन का प्रमुख साधन रहा टीवी (TV) आज सूचना, शिक्षा, जनजागरूकता और लोकतांत्रिक संवाद का प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। तकनीक के विकास के साथ इसकी स्क्रीन और प्रसारण का स्वरूप भले ही बदल गया हो, लेकिन समाज में इसकी उपयोगिता आज भी बनी हुई है। हर साल 21 नवंबर को मनाया जाने वाला विश्व टेलीविजन दिवस इसी योगदान और भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर प्रदान करता है।
विश्व टेलीविजन दिवस (World Television Day) की शुरुआत
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 17 दिसंबर 1996 को एक प्रस्ताव पारित कर 21 नवंबर को विश्व टेलीविजन दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था। यह तारीख वर्ष 1996 में आयोजित पहले विश्व टेलीविजन फोरम से जुड़ी है। इसका उद्देश्य वैश्विक शांति, विकास, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में टेलीविजन की भूमिका को सामने लाना है। साथ ही जिम्मेदार पत्रकारिता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के महत्व को रेखांकित करना भी इस दिवस का प्रमुख उद्देश्य है।
विज्ञान के प्रयोग से आधुनिक तकनीक तक का सफर
टेलीविजन का विकास कई वैज्ञानिक प्रयोगों का परिणाम है। वर्ष 1926 में स्कॉटलैंड के वैज्ञानिक जॉन लॉगी बेयर्ड ने लंदन में टेलीविजन प्रणाली का सार्वजनिक प्रदर्शन किया। वर्ष 1936 में ब्रिटेन के बीबीसी (BBC) ने नियमित हाई-डेफिनिशन प्रसारण शुरू किया। इसके बाद ब्लैक एंड व्हाइट टीवी से रंगीन प्रसारण, उपग्रह तकनीक और डिजिटल स्क्रीन तक इसका सफर आगे बढ़ा। आज स्मार्ट टीवी, 4K और 8K तकनीक ने देखने के अनुभव को पूरी तरह बदल दिया है।
भारत में दूरदर्शन की ऐतिहासिक भूमिका
भारत में टेलीविजन प्रसारण की शुरुआत 15 सितंबर 1959 को दिल्ली से प्रायोगिक तौर पर हुई थी। शुरुआती कार्यक्रमों का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता फैलाना था। 1965 में नियमित दैनिक प्रसारण शुरू हुआ। एक अप्रैल 1976 को टेलीविजन को आकाशवाणी से अलग कर स्वतंत्र विभाग बनाया गया और दूरदर्शन ने अपनी पहचान स्थापित की।
वर्ष 1982 में एशियाई खेलों के दौरान भारत में रंगीन प्रसारण की शुरुआत हुई। दूरदर्शन ने ‘कृषि दर्शन’, ‘हम लोग’, ‘रामायण’, ‘महाभारत’, ‘बुनियाद’ और ‘शक्तिमान’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों के बीच खास जगह बनाई। समाचारों और राष्ट्रीय आयोजनों के प्रसारण से इसने देश को एक साझा मंच भी दिया।
डिजिटल युग में टेलीविजन की नई पहचान
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के 21 नवंबर 2025 के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में लगभग 23 करोड़ टेलीविजन घर हैं और करीब 90 करोड़ दर्शकों तक इसकी पहुंच है। मार्च 2025 तक 918 निजी सैटेलाइट चैनल संचालित थे। वहीं, डीडी फ्री डिश लगभग 6.5 करोड़ घरों तक पहुंच बना चुका था।
आज ओटीटी (OTT) , सोशल मीडिया और स्मार्टफोन ने दर्शकों की पसंद बदली है। टेलीविजन संस्थान भी वेबसाइट, ऐप और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपनी पहुंच बढ़ा रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और आधुनिक प्रसारण तकनीक इस माध्यम के लिए नई संभावनाएं खोल रही हैं।
भरोसा और विश्वसनीयता सबसे बड़ी चुनौती
फेक न्यूज, डीपफेक, सनसनीखेज खबरें और टीआरपी की प्रतिस्पर्धा टेलीविजन के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे समय में तथ्यात्मक पुष्टि, निष्पक्षता और जनहित को प्राथमिकता देना जरूरी है। बदलते तकनीकी दौर में टेलीविजन की सफलता इसी बात पर निर्भर करेगी कि वह दर्शकों का भरोसा बनाए रखते हुए सूचना और जागरूकता का जिम्मेदार माध्यम बना रहे।
यह भी पढ़ें: बिहार को पीएम मोदी की 34,470 करोड़ की सौगात, नीतीश सेतु का किया उद्घाटन; सभा में भावुक हुए प्रधानमंत्री







