PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। शाम करीब 5:30 बजे होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करेंगे। खास बात यह है कि कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार राजधानी दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के छह मेधावी प्रशिक्षार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलेगा।
राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स होंगे सम्मानित
इस समारोह में प्रधानमंत्री औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (ITOT) के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित करेंगे। इन प्रशिक्षार्थियों ने अपने-अपने प्रशिक्षण क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। चयनित 52 टॉपर्स में 37 शिल्पकार प्रशिक्षण योजना (CTS) और 15 शिल्पकार अनुदेशक प्रशिक्षण योजना (CITS) से जुड़े हैं।
कार्यक्रम में देशभर के अलग-अलग प्रशिक्षण संस्थानों से लगभग 1,200 प्रशिक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहेंगे।
यूपी के छह युवाओं को मिलेगा सम्मान
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षार्थियों में उत्तर प्रदेश के छह युवा शामिल हैं। इनमें तीन प्रशिक्षार्थी CTS और तीन CITS श्रेणी से हैं। प्रदेश के लिए विशेष उपलब्धि यह भी है कि CITS के तीनों राष्ट्रीय टॉपर्स लखनऊ के अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र से संबंधित हैं।
सम्मानित होने वाले यूपी के प्रशिक्षार्थियों में ITC देवरिया के नीतेश चौरसिया (फिटर), ITC फैजाबाद की काजल महावर (पेंटर), ITI अलीगंज लखनऊ के अब्दुल मोबिन (मैकेनिकल डीजल), ITOT लखनऊ के शाहबाज खान (इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक), प्राची विश्वकर्मा (ड्रेस मेकिंग) और प्रतिभा (इलेक्ट्रीशियन) शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान हासिल करने वाली तमिलनाडु की काव्या लेखा आरएन ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में 1,200 में से 1,200 अंक प्राप्त किए हैं।
अलीगंज प्रशिक्षण केंद्र का शानदार प्रदर्शन
अलीगंज स्थित प्रादेशिक स्टाफ प्रशिक्षण एवं शोध केंद्र वर्ष 2015 से संचालित है। यहां वर्तमान में 23 व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संस्थान ने पिछले दो प्रशिक्षण सत्रों में भी शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2024-25 में राष्ट्रीय स्तर के 19 टॉपर्स में से 16 और वर्ष 2025-26 में 38 टॉपर्स में से 34 इसी संस्थान के रहे। इसी के साथ प्रदेश के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के मुताबिक, प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं को सम्मानित किए जाने से उनका उत्साह बढ़ेगा।
कौशल विकास को मिलेगा प्रोत्साहन
शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू हुआ कौशल दीक्षांत समारोह अब एक वार्षिक राष्ट्रीय आयोजन बन चुका है। इसका उद्देश्य व्यावसायिक प्रशिक्षण में उत्कृष्टता हासिल करने वाले युवाओं की उपलब्धियों को पहचान देना और उन्हें प्रोत्साहित करना है।
लखनऊ में इस समारोह का आयोजन प्रदेश की कौशल प्रशिक्षण व्यवस्था और युवाओं की प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर है। इससे कौशल आधारित शिक्षा, व्यावसायिक प्रशिक्षण और रोजगारपरक दक्षताओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: धानमंत्री मोदी का बिहार दौरा आज, वैशाली में 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात







