Monsoon Update : देश के ज्यादातर राज्यों में अब बारिश का दौर थमने लगा है और मानसून की विदाई की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों से मानसून वापस लौटने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। हालांकि, दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में अभी भी बादलों की आवाजाही बनी हुई है। अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत और पूर्वोत्तर के राज्यों में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है।
देश के इन राज्यों से विदा हो रहा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों के भीतर देश के बड़े हिस्से से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी होने वाली है।
-
किन राज्यों से विदाई: पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के कई इलाकों से मानसून विदा हो रहा है।
-
इस साल कम हुई बारिश: जून से सितंबर के मानसून सीजन में इस बार देश में औसत से कम बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सामान्य 868.6 मिमी की तुलना में केवल 759.4 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य का लगभग 87.4 प्रतिशत है। साल 2001 के बाद से यह चौथी बार है जब मानसून में इतनी कम बारिश देखने को मिली है।
पूर्वोत्तर और मध्य भारत में बारिश का पूर्वानुमान
मानसून की विदाई के बीच पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में 2 से 7 अक्टूबर के दौरान बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
-
पूर्वोत्तर भारत: अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से भारी बारिश हो सकती है।
-
मध्य व पूर्वी भारत: 2 और 3 अक्टूबर के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में बारिश के आसार हैं।
-
आंधी-तूफान की चेतावनी: उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।
केरल में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
दक्षिण भारत के राज्य केरल में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और तापमान से राहत दी है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए राज्य के तीन जिलों—पथानामथिट्टा, कोट्टायम और इडुक्की में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, छह अन्य जिलों में येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात करें तो आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।
-
तापमान: दिल्ली में अधिकतम तापमान 33°C से 35°C और न्यूनतम तापमान 21°C से 23°C के बीच रहने की संभावना है।
-
हवा की रफ्तार: दिन के समय लगभग 20 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम बना रहेगा।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अब मौसम शुष्क होने लगा है और गुलाबी ठंड की आहट महसूस की जा रही है। वहीं, केरल और पूर्वोत्तर राज्यों के निवासियों को अगले दो-तीन दिनों तक सतर्क रहने और मौसम की चेतावनी का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
read more : महात्मा गांधी की जीवनी: सत्य, अहिंसा और स्वतंत्रता संग्राम की अमर कहानी

