Delhi Police cyber fraud bust: देश में बढ़ते ऑनलाइन अपराधों (cyber fraud) पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पश्चिमी जिला साइबर थाना पुलिस ने लगातार पांच दिनों तक चले विशेष अभियान के बाद 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था और अब तक देशभर में 22 हजार से ज्यादा लोगों से 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है।
चार राज्यों के 11 गिरोहों से जुड़े थे तार
इस दिल्ली पुलिस साइबर ठगी कार्रवाई में सामने आया कि पकड़े गए आरोपियों का नेटवर्क केवल एक जगह तक सीमित नहीं था। पुलिस के मुताबिक, ये ठग झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और बिहार में सक्रिय 11 अलग-अलग साइबर ठगी गिरोहों के साथ मिलकर काम कर रहे थे। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर इस पूरे नेटवर्क के खिलाफ 2,080 शिकायतें पहले से दर्ज पाई गई हैं।
मोबाइल में APK फाइल भेजकर चुराते थे निजी डेटा (personal data)
जांच में पता चला है कि फर्जी बैंक अधिकारी गिरोह के सदस्य केवाईसी अपडेट (KYC update) या अन्य बैंकिंग सेवाओं के नाम पर लोगों से संपर्क करते थे। वे पीड़ितों के मोबाइल पर एक एपीके (APK) फाइल भेजते थे और उसे डाउनलोड करवाते थे। फोन में यह फाइल इंस्टॉल होते ही ठगों को यूजर के एसएमएस, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी का एक्सेस मिल जाता था, जिसका इस्तेमाल कर वे खाते से पैसे निकाल लेते थे।
अनजान लिंक और फाइल से बचने की अपील
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद डिजिटल सबूतों की जांच तेज कर दी है। एपीके फाइल (APK file) से ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी संदिग्ध फाइल को अपने फोन में डाउनलोड करें।







