Mathura Love Marriage Murder Case: मथुरा के थाना जैत क्षेत्र में प्रेम विवाह (love marriage) को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मई 2026 में गोसना गांव निवासी बंटी ने कुंज नगर निवासी संजना से कोर्ट मैरिज की थी। आरोप है कि विवाह से नाराज संजना के भाई महेंद्र और अन्य परिजनों ने 21 सितंबर को बंटी और उसके भाई शंकर को अगवा कर बंधक बना लिया और दोनों के साथ गंभीर मारपीट की। इलाज के दौरान अगले दिन बंटी की मौत हो गई, जबकि शंकर गंभीर रूप से घायल है।
थाना जमुनापार इलाके के गोसना गांव के रहने वाले युवक बंटी का थाना जैत के कुंज नगर की रहने वाली संजना के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे, लेकिन परिवार इसके खिलाफ था। इसके चलते दोनों ने इसी साल मई 2026 में घरवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज कर ली थी। बंटी और संजना अपनी नई जिंदगी शुरू कर चुके थे, लेकिन संजना का परिवार इस शादी को स्वीकार नहीं कर पाया। लड़की पक्ष के लोग इस प्रेम विवाह को लेकर बंटी और उसके परिवार से गहरी रंजिश रखने लगे थे।
पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं। क्षेत्राधिकारी वृंदावन संदीप सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी महेंद्र समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: Meerut Axis Bank Currency Chest Fake Notes | Axis Bank करेंसी चेस्ट से 4.63 लाख के नकली नोट बरामद

