Lucknow LDA Action : लखनऊ में अवैध निर्माण और बिना अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने एक बार फिर बड़ा अभियान चलाया है। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई में बीकेटी क्षेत्र में करीब 30 बीघा जमीन पर चल रही पांच अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, पारा इलाके में बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया गया।
Lucknow LDA Action को एलडीए की अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार चल रही मुहिम का हिस्सा माना जा रहा है।
एलडीए के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई की जिम्मेदारी प्रवर्तन जोन-3 और जोन-5 की टीम को दी गई थी। एलडीए अधिकारियों के अनुसार, शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिना अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध निर्माणों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
बीकेटी में 30 बीघा जमीन पर अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि बीकेटी क्षेत्र के ग्राम भैसामऊ में अभियान चलाया गया।
इस दौरान करीब 30 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही पांच अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, यह प्लॉटिंग बिना एलडीए की अनुमति के की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान वारिस खान, राम औतार प्रॉपर्टीज, राहुल यादव, मुकेश वर्मा, राम सागर यादव, सुरेंद्र कुमार समेत अन्य लोगों द्वारा विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई की गई।
पारा में बिना नक्शे के निर्माण पर सख्ती
वहीं, प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने पारा थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई की। जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने बताया कि क्षेत्र में दो ऐसे निर्माण पाए गए, जिनके लिए एलडीए से मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था।
पहली कार्रवाई आगरा एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट के आगे की गई। यहां गौरव यादव और अन्य लोगों द्वारा करीब 2000 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंड पर अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसके अलावा पारा के पूर्वीदीन खेड़ा में प्रहलाद, पंचम पाल और अन्य लोगों द्वारा करीब 800 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंड पर निर्माण किया जा रहा था। यहां भूतल पर दुकानें और पहली मंजिल पर कमरे बनाए जा रहे थे।
अवैध निर्माण करने वालों को एलडीए की चेतावनी
एलडीए अधिकारियों ने साफ किया है कि शहर में बिना अनुमति के प्लॉटिंग या निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण का कहना है कि किसी भी तरह का निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से नक्शा पास कराना जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने पर निर्माण को सील करने या ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण की यह कार्रवाई ऐसे लोगों के लिए चेतावनी मानी जा रही है, जो बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने या भवन निर्माण करने की कोशिश करते हैं। एलडीए की ओर से लगातार ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जा रही है, जहां नियमों के खिलाफ निर्माण गतिविधियां चल रही हैं। आने वाले दिनों में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा 2026: प्रयागराज संगम में आस्था का सैलाब







