India smartphone export record 2026: भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के लिए चालू वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत बेहद उम्मीदों भरी रही है। वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच देश से होने वाले स्मार्टफोन निर्यात ने एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। इन तीन महीनों में कुल स्मार्टफोन एक्सपोर्ट लगभग 10 अरब डॉलर के आंकड़े को छू गया है, जिसमें सबसे बड़ा रोल Apple के iPhone का रहा है।
अमेरिका बना भारतीय स्मार्टफोन का सबसे बड़ा खरीदार
वाणिज्य मंत्रालय (Department of Commerce) के हालिया आंकड़ों के मुताबिक, इस साल अप्रैल-जून अवधि के दौरान मूल्य के हिसाब से smartphone निर्यात 23.4 प्रतिशत बढ़कर 9.84 अरब डॉलर हो गया। अगर पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही से तुलना करें, तो तब यह आंकड़ा 7.97 अरब डॉलर था।
भारत में बने मोबाइल फोन के लिए अमेरिका सबसे बड़ा बाजार बनकर उभरा है। वहां भारतीय डिवाइसों की मांग में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसका सीधा असर देश के कुल इलेक्ट्रॉनिक्स एक्सपोर्ट पर भी पड़ा है। इस तिमाही में भारत से कुल 15.2 अरब डॉलर का इलेक्ट्रॉनिक्स सामान बाहर भेजा गया, जिसमें से अकेले स्मार्टफोन की हिस्सेदारी 64.8 प्रतिशत रही।
फॉक्सकॉन और सैमसंग की मजबूत हिस्सेदारी
ग्लोबल सप्लाई चेन में भारत की स्थिति मजबूत करने में एप्पल के मैन्युफैक्चरिंग पार्टनर्स की भूमिका सबसे अहम रही है। होन हाई टेक्नोलॉजी ग्रुप (फॉक्सकॉन) से होने वाले एक्सपोर्ट में पिछले साल की तुलना में 48 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं, सैमसंग ने भी अपने निर्यात में 4 प्रतिशत का योगदान बढ़ाया है।
पिछले वित्त वर्ष में भारत से होने वाले कुल 2.6 लाख करोड़ रुपये के स्मार्टफोन निर्यात में आईफोन की हिस्सेदारी 75 प्रतिशत से अधिक यानी करीब 22 अरब डॉलर रही थी।
सरकारी नीतियों और पीएलआई योजना का असर
स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में आई इस तेजी के पीछे केंद्र सरकार की नीतियां प्रमुख वजह रही हैं। सरकार की प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना, स्पेशल इकोनॉमिक जोन्स (SEZ) में किए गए सुधारों और प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) के नियमों में दी गई ढील से विदेशी कंपनियों को भारत में उत्पादन बढ़ाना आसान हुआ है। इन सरकारी प्रयासों का ही नतीजा है कि भारत आज दुनिया के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब (manufacturing hub) के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।







