JPSC Paper Leak Case : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली के मामले में सीआईडी (CID) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। जांच एजेंसी ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची और लखनऊ से 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस ताजा कार्रवाई के साथ ही इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 19 हो गई है। सीआईडी ने आरोपियों के पास से कई अहम डिजिटल दस्तावेज और सबूत भी जब्त किए हैं।
रांची और लखनऊ में छापेमारी, ये आरोपी चढ़े CID के हत्थे
सीआईडी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को दर्ज केस संख्या 16/2026 में मिले ठोस सुरागों के आधार पर 5 अगस्त को रांची और लखनऊ के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान उमाकांत उरांव, रोशन केरकेट्टा, मनोज कुमार, रक्षक सिंह और धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि उमाकांत, रोशन और मनोज ने 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में अनुचित साधनों और फर्जीवाड़े के जरिए सफलता हासिल की थी। इनमें से उमाकांत उरांव अभ्यर्थियों को जोड़ने के लिए एक एजेंट के तौर पर भी काम कर रहा था।
परीक्षा आयोजित कराने वाली कंपनी का कर्मचारी भी गिरफ्तार
इस पूरे नेटवर्क में परीक्षा कराने वाली एजेंसी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल रक्षक सिंह, JPSC परीक्षा आयोजित करने वाली कंपनी TDPL में अकाउंटेंट के पद पर तैनात है। सीआईडी के मुताबिक, रक्षक सिंह ने परीक्षा प्रक्रिया में हेरफेर करने और धांधली को अंजाम देने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। पुलिस का कहना है कि जब्त डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद कई और बड़े नामों का खुलासा हो सकता है।
छात्रों का विरोध तेज, सीएम हेमंत सोरेन ने बातचीत की रखी पेशकश
एक तरफ जहां सीआईडी कार्रवाई में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रही गड़बड़ियों को लेकर छात्रों का गुस्सा चरम पर है। बुधवार को विरोध प्रदर्शन को और तेज करते हुए 5 और छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा केवल एक राज्य का नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय समस्या है। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से गतिरोध खत्म करने और समस्या का समाधान निकालने के लिए बातचीत की अपील की है।
यह भी पढ़ें: 7.23% से ज्यादा फीस बढ़ाना पड़ा भारी! Noida-Greater Noida के 7 स्कूलों पर एक्शन | DD News Uttar Pradesh







