Indian Economy : केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण 25 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक कनाडा और अमेरिका की आधिकारिक यात्रा पर जा रही हैं। इस आठ दिवसीय दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत के साथ दोनों देशों के द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय संबंधों को मजबूत करना है। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझा आर्थिक प्राथमिकताओं और भारत में विदेशी निवेश को बढ़ावा देने के लिए भी कई महत्वपूर्ण बैठकें तय की गई हैं।
निर्मला सीतारमण का विदेश दौरा: टोरंटो में भारत-कनाडा आर्थिक वार्ता
कनाडा यात्रा की शुरुआत टोरंटो से होगी, जहां वित्त मंत्री दोनों देशों के बीच आयोजित पहली ‘आर्थिक एवं वित्तीय वार्ता’ में हिस्सा लेंगी। इसमें कनाडा के वित्त मंत्री फ्रांस्वा-फिलिप शैम्पेन के साथ वित्तीय क्षेत्र में सहयोग, द्विपक्षीय निवेश के नए अवसरों, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्रौद्योगिकी जैसे अहम विषयों पर गंभीर चर्चा होगी।
इसके साथ ही, दोनों देश व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) की दिशा में भी अपने प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे। दौरे के दौरान टोरंटो में कनाडाई कंपनियों के CEO और शीर्ष कारोबारी नेताओं के साथ निवेश गोलमेज बैठकें होंगी, जिनमें भारत के GIFT City-IFSC में उपलब्ध अवसरों पर भी खास प्रेजेंटेशन दिया जाएगा।
निर्मला सीतारमण का विदेश दौरा: अमेरिका में शिकागो, एशविल और न्यूयॉर्क की यात्रा
कनाडा के बाद निर्मला सीतारमण 28 अगस्त से 2 सितंबर तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगी, जहां वह तीन प्रमुख शहरों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी:
READ MORE : महिला ने मांगी गाय, सीएम योगी ने तुरंत दिए निर्देश; दिव्यांग की जमीन भी होगी कब्जामुक्त | DD News Uttar Pradesh
-
शिकागो: वित्त मंत्री यहां प्रमुख संस्थागत निवेशकों और कॉरपोरेट जगत के दिग्गजों के साथ बैठकें करेंगी। वह शिकागो विश्वविद्यालय के ‘पोल्स्की सेंटर फॉर एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन’ का दौरा कर भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम पर विचार रखेंगी और स्थानीय भारतीय समुदाय से भी मिलेंगी।
-
एशविल (G20 बैठक): नॉर्थ कैरोलिना के एशविल शहर में वित्त मंत्री 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित होने वाली G20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों (FMCBG) की बैठक में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई करेंगी।
-
न्यूयॉर्क: अमेरिका दौरे के अंतिम पड़ाव में वित्त मंत्री वैश्विक वित्तीय संस्थानों के प्रमुखों से मुलाकात करेंगी और प्रसिद्ध स्टॉक एक्सचेंज NASDAQ के ‘बेल-रिंगिंग’ समारोह में शिरकत करेंगी।







