Baghpat Fire Incident: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के खेकड़ा कस्बे में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के चलते 2 मंजिला मकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की 5 गाड़िया मौके पर पहुंची और कुछ देर बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं पुलिस ने सभी घायलों को अस्पातल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मां और बेटी को मृत घोषित कर दिया।
दुकान में रखे 2 सिलेंडर भी आग की चपेट में
खेकड़ा कस्बे में पिता विनय जैन (65) अपनी पत्नी पुष्पा (60) के साथ मंदिर गए थे, जिस दौरान ये हादसा हुआ। दुकान में काम करने वाले जाहिद ने दुकान खोली और साफ-सफाई का काम करने लगा, तभी अचानक से दुकान में आग लग गई, जिस समय आग लगी उस समय बेटा अंकुर, बहु स्वाति और पोती अनन्या ऊपरी मंजिल में मौजूद थे।
थोड़ी देर बाद दुकान में रखे 2 सिलेंडर फट गए और दुकान का शटर उखड़ गया और देखते ही देखते तेजी से आग फैलने लगी। जिसके बाद अंकुर ने आनन-फानन में नीचे आकर देखा, तब तक पूरी दुकान में आग फैल चुकी थी और धुआँ पूरे मकान में फैल गया। जब अंकुर पत्नी और बेटी को बचाने ऊपर पहुंचा, तब तक दोनों दम घुटने से बेहोश हो गए। जिसके बाद जाहिद की मदद से अंकुर ने दोनो को बाहर निकाला।
आग की चपेट में मां-बेटी की मौत
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 से 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, वहीं पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां स्वाति और अनन्या को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने हादसे में परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए, अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के साथ तेजी से राहत कार्य के निर्देश दिए। इसी के साथ अधिकारियों को परिजनों से संवाद कर हर संभव मदद उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने किया 10वें IMC संस्करण का उद्घाटन, ‘Scale Without Boundaries’ है इस साल की थीम



