UPI Bizum Partnership : भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम ‘यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस’ (UPI) की धूम अब पूरी दुनिया में देखने को मिल रही है। हाल ही में भारत और स्पेन ने भारत के UPI और स्पेन के प्रमुख डिजिटल भुगतान प्लेटफॉर्म ‘Bizum’ को आपस में जोड़ने के लिए बातचीत तेज करने पर सहमति जताई है। इस कदम से दोनों देशों के नागरिकों और व्यापारियों के लिए लेनदेन करना बेहद आसान हो जाएगा और आर्थिक रिश्तों को एक नई रफ्तार मिलेगी।
पीयूष गोयल की यूरोप यात्रा के दौरान अहम सहमति
यह बड़ा फैसला केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की यूरोप के चार देशों के दौरे के दौरान स्पेन यात्रा में सामने आया। स्पेन के शीर्ष मंत्रियों के साथ हुई बैठकों में व्यापार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने पर गहन चर्चा हुई। दोनों देशों ने हर साल ‘भारत-स्पेन संयुक्त आयोग’ की बैठक आयोजित करने और सहयोग को बढ़ावा देने के लिए स्पेन की तरफ से एक समर्पित ‘इंडिया टीम’ बनाने का प्रस्ताव भी रखा है।
व्यापार, पर्यटन और मेक इन इंडिया पर बड़ा लक्ष्य
इस दौरान ऑटोमोबाइल, फार्मा, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी पर जोर दिया गया। पीयूष गोयल ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत C-295 विमान कार्यक्रम की प्रगति पर खुशी जताई। साथ ही भारत-स्पेन बिजनेस फोरम में उन्होंने दोनों देशों के बीच आने वाले 10 वर्षों में व्यापार, निवेश और पर्यटन को 10 गुना तक बढ़ाने का एक बड़ा लक्ष्य सामने रखा।
यूरोपीय संघ और फिनलैंड के साथ भी बनी बात
स्पेन के अलावा ब्रसेल्स में भारत-यूरोपीय संघ (EU) व्यापार एवं प्रौद्योगिकी परिषद की बैठक हुई, जिसमें भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को जल्द अंतिम रूप देने पर प्रतिबद्धता जताई गई। वहीं फिनलैंड दौरे पर पीयूष गोयल ने वहां के मंत्रियों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), 6G, क्वांटम तकनीक और स्वच्छ ऊर्जा जैसे भविष्य के महत्वपूर्ण तकनीकों पर मिलकर काम करने पर चर्चा की।
यह भी पढ़ें: Mathura Police Encounter: मथुरा में लूट और हत्या के 3 आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार





