Mathura Adulterated Paneer : दिवाली और त्योहारी सीजन के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार तड़के कोसीकलां क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान से मथुरा लाई जा रही मिलावटी पनीर की बहुत बड़ी खेप पकड़ी। जनस्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर ही 25 क्विंटल (2,500 किलो) संदिग्ध पनीर को पूरी तरह नष्ट करा दिया।
मथुरा मिलावटी पनीर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी मथुरा के कड़े निर्देशों पर 6 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे चेकिंग अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पुलिस बल के साथ एनएच-19 स्थित बठैन गेट पुलिस चौकी के पास घेराबंदी की। इस दौरान राजस्थान के कामां की ओर से आ रही बोलेरो पिकअप (संख्या UP85CT4449) को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो उसमें भारी मात्रा में पनीर भरा मिला।
5 लाख का पनीर नष्ट, खरीद-बिक्री के दस्तावेज गायब
वाहन चालक सलीम से पूछताछ करने पर उसने बताया कि कामां स्थित एक डेयरी से लगभग 2500 किलो पनीर बिक्री के लिए लाया जा रहा था। हालांकि, चालक या संबंधित कारोबारी मौके पर पनीर की खरीद-बिक्री से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज, बिल या लाइसेंस नहीं दिखा सके। मौके पर जब अधिकारियों ने पनीर का भौतिक निरीक्षण किया, तो उसकी गुणवत्ता और गंध बेहद संदिग्ध पाई गई। जब्त किए गए पनीर की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 5 हजार रुपये बताई जा रही है।
सैंपल जांच के लिए भेजे गए, रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
खाद्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध पनीर के दो नमूने सील कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला (Food Testing Lab) भेज दिए। इसके बाद आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए पूरे 25 क्विंटल पनीर को जमीन में गड्डा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होते ही मिलावटखोरी में संलिप्त डेयरी संचालक और संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस चेकिंग दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह और जितेंद्र सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।
Read more : त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत, हरदोई स्टेशन पर रुकेंगी 8 स्पेशल ट्रेनें







