IIMUN Conference : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत मुंबई में देश के सबसे बड़े युवा सम्मेलनों में से एक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने जा रहे हैं। इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (आईआईएमयूएन) द्वारा आयोजित इस खास कार्यक्रम में वे आज की युवा पीढ़ी यानी जेन जी (Gen Z) और जेन अल्फा के साथ राष्ट्र निर्माण और वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका जैसे अहम मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
2,000 से अधिक छात्रों के साथ सीधा संवाद
यह भव्य आयोजन मुंबई स्थित नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (NMACC) में आयोजित किया जा रहा है। आईआईएमयूएन के इस 15वें वार्षिक चैम्पियनशिप सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में देश के 100 से अधिक शहरों के स्कूलों और कॉलेजों से आए 2,000 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। 15 से 19 वर्ष के इन युवाओं को संघ प्रमुख से सीधे सवाल पूछने और नेतृत्व, शासन तथा लोकतंत्र जैसे विषयों को गहराई से समझने का सुनहरा मौका मिलेगा।
युवाओं को भारत के मूल्यों से जोड़ने की अनूठी पहल
आईआईएमयूएन के संस्थापक ऋषभ शाह ने बताया कि उनका संगठन पिछले कई वर्षों से भारतीय युवाओं को देश की संस्कृति और वैश्विक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का काम कर रहा है। आज लगभग 30,000 छात्र इस मंच से जुड़े हुए हैं। यह तीसरा मौका है जब मोहन भागवत इस संगठन के कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। ऋषभ शाह का मानना है कि युवाओं को देश के अलग-अलग प्रमुख संगठनों और विचारधाराओं के बारे में जानना और सीखना चाहिए।
पूर्व सीजेआई समेत कई दिग्गज हस्तियां होंगी शामिल
इस सम्मेलन की खासियत सिर्फ संघ प्रमुख की मौजूदगी ही नहीं है, बल्कि कला, सिनेमा और कानून जगत की कई बड़ी हस्तियां भी इसका हिस्सा बनने जा रही हैं। कार्यक्रम में भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) डीवाई चंद्रचूड़, अभिनेत्री शबाना आजमी और जाने-माने अभिनेता बोमन ईरानी के भी शामिल होने की संभावना है। ये सभी हस्तियां युवाओं को अलग-अलग दृष्टिकोण से समाज और देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करेंगी।
यह भी पढ़ें: 7.23% से ज्यादा फीस बढ़ाना पड़ा भारी! Noida-Greater Noida के 7 स्कूलों पर एक्शन | DD News Uttar Pradesh
