Hyderabad News : तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से कानून-व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसियों के हाथ एक बहुत बड़ी सफलता लगी है। हैदराबाद की फ्यूचर सिटी पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी (Fake Currency) छापने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के कुल 6 करोड़ 78 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए हैं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
हैदराबाद नकली नोट बरामदगी
पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रविवार को अब्दुल्लापुरमेट पुलिस और शादनगर स्पेशल ऑपरेशंस टीम (SOT) ने एक संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-65 पर रामोजी फिल्म सिटी के पास की गई, जहां पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर इस बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया। आरोपियों के पास से भारी मात्रा में जाली नोट मिलने के साथ ही नोट छापने और काटने में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक प्रिंटर, लैपटॉप और करेंसी कटिंग मशीन जैसे उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
किराये के मकान में चल रही थी प्रिंटिंग यूनिट
जांच में यह चौकाने वाला तथ्य सामने आया है कि आरोपी शहर के बाहरी इलाके कुंटलूर में एक गुप्त किराये का मकान लेकर वहां लंबे समय से नकली नोट छापने की फैक्ट्री चला रहे थे। इस यूनिट में बाकायदा 500 रुपये के उच्च गुणवत्ता वाले जाली नोट तैयार किए जाते थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मदुपोजू कर्नाकर, चिननोला माणिक्य रेड्डी, चेरुकुपेल्ली रत्नाकर रेड्डी और करनम अजय कुमार के रूप में हुई है।
इस गिरोह का दायरा सिर्फ नकली नोट छापने तक ही सीमित नहीं था, बल्कि ये शातिर अपराधी आम जनता को ठगने के लिए खतरनाक हथकंडे अपनाते थे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी फर्जी पुलिस पहचान पत्र, वॉकी-टॉकी और नकली पिस्तौल का इस्तेमाल करके खुद को असली पुलिसकर्मी बताते थे। इसके जरिए वे लोगों को डरा-धमकाकर वसूली और ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस आयुक्त डॉ. तरुण जोशी के नेतृत्व में इस बात की गहन जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इन जाली नोटों को बाजार में कहां खपाने की योजना थी।
यह भी पढ़ें: UP Chandauli Illegal Crackers Seized: चंदौली में 525 किलो अवैध पटाखे बरामद | Police Raid







