Fatehpur में खाद्य सुरक्षा विभाग (Food Safety Department) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पिछले दो साल में 243 नमूने फेल होने पर कोर्ट ने 108 कारोबारियों पर 22 लाख 72 हज़ार रुपये का जुर्माना लगाया है। रेस्टोरेंट, ढाबों, मिठाई की दुकानों समेत विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच में बड़ी संख्या में नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे।
खाद्य सामग्री खोया, सरसों का तेल, दालें, बेसन, मसालें, पानी के पाउच, मिठाइयां, नमकीन, मीठी सुपारी के नमूनों की जांच में बड़ी संख्या में नमूनों में मिलावट मिली है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
वहीं सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मार्गों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और रेस्टोरेंटों में फूड सेफ्टी कनेक्टिविटी एप से संबंधित स्टीकर चिपकाए जा रहे हैं, ताकि खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।







