KGMU Brain Research: अनुसंधान राष्ट्रीय शोध फाउंडेशन (ANRF) ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डॉ. दुर्गेश कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में इस परियोजना को मंजूरी दी है। ‘मानस मंडल (ब्रेन नेटवर्क): AI-हार्मोनाइज्ड इंडियन ह्यूमन ब्रेन कनेक्टोम एटलस फॉर प्रिसिजन ब्रेन हेल्थ’ नाम की इस परियोजना पर करीब पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। यह ANRF के ‘AI फॉर साइंस एंड इंजीनियरिंग’ मिशन के तहत संचालित होगी।
700 भारतीयों के मस्तिष्क का होगा अध्ययन
डॉ. दुर्गेश द्विवेदी के मुताबिक, इस शोध में लखनऊ और दिल्ली के लगभग 600 स्वस्थ वयस्कों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा स्ट्रोक, सिर की चोट, ब्रेन ट्यूमर और डिमेंशिया से पीड़ित 100 से अधिक मरीजों के मस्तिष्क का भी अध्ययन होगा। प्रतिभागियों के चयन में उम्र, लिंग, शिक्षा और भौगोलिक क्षेत्र के बीच संतुलन रखा जाएगा।
इस परियोजना में KGMU के साथ एम्स दिल्ली, आईआईटी कानपुर और आईआईटी दिल्ली भागीदार संस्थान हैं। इसके अलावा हार्वर्ड मेडिकल स्कूल, लीडेन यूनिवर्सिटी, यूनिवर्सिटी ऑफ पिट्सबर्ग और मिसौरी यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ भी शोध में सहयोग करेंगे।
तीन अलग-अलग MRI मशीनों से होगी जांच
इस परियोजना की खास बात यह है कि एक ही व्यक्ति के मस्तिष्क की तीन अलग-अलग MRI स्कैनर से जांच की जाएगी। भारत में पहली बार इस तरह का अध्ययन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अलग-अलग मशीनों से मिलने वाली तस्वीरों में अंतर को AI की सहायता से कम करना है।
प्रत्येक प्रतिभागी की लगभग डेढ़ घंटे तक MRI जांच होगी। इसमें मस्तिष्क की बनावट, सफेद पदार्थों की नसों, आराम की स्थिति में मस्तिष्क की गतिविधियों और रक्त प्रवाह का विश्लेषण किया जाएगा। इसके साथ ही रक्त के करीब 50 बायोमार्कर और आनुवंशिक परीक्षण भी किए जाएंगे। स्मृति और सोचने-समझने की क्षमता का आकलन हिंदी, तमिल और बंगाली भाषाओं में होगा।
गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी मदद
इस शोध से तैयार होने वाला मानचित्र भारतीय मरीजों के मस्तिष्क की स्थिति की तुलना स्वस्थ भारतीय आबादी के सामान्य आंकड़ों से करने में मदद करेगा। इससे स्ट्रोक के बाद रिकवरी और पुनर्वास की योजना बनाने, सिर की चोट से हुए नुकसान का पता लगाने और ब्रेन ट्यूमर की सर्जरी के दौरान मस्तिष्क के महत्वपूर्ण कार्यों को सुरक्षित रखने में सहायता मिल सकती है। इसके अलावा डिमेंशिया की शुरुआती पहचान और कम लागत में उपचार योग्य जोखिम कारकों का पता लगाने में भी यह अध्ययन उपयोगी साबित हो सकता है।
KGMU के प्रवक्ता के अनुसार, परियोजना से प्राप्त पहचान रहित डेटा ANRF और भारत सरकार के पोर्टल पर शोधकर्ताओं के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इससे भारतीय आबादी पर आधारित AI अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा और देश में मस्तिष्क की जांच से जुड़ी आधुनिक तकनीकों के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: कानपुर में तेंदुए का आतंक, फूलों के खेत में छिपे जानवर ने 9 ग्रामीणों को किया घायल







