UP News: लखनऊ समेत 6 जिलों में विकास की नई तैयारी, LDA का दायरा बढ़ेगा, बाराबंकी को मिलेगा नया विकास प्राधिकरण

UP News

Share This Article

UP News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास तेजी से बढ़ते शहरीकरण को व्यवस्थित करने के लिए राज्य सरकार ने विकास योजनाओं को विस्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) का कार्यक्षेत्र पूरे जिले तक बढ़ाने और बाराबंकी में अलग विकास प्राधिकरण गठित करने की योजना पर काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दोनों प्रस्तावों पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य लखनऊ के बाहरी इलाकों और बाराबंकी में आवासीय, व्यावसायिक तथा औद्योगिक गतिविधियों को सुनियोजित ढंग से विकसित करना है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के दूसरे विकास प्राधिकरणों की सीमाओं के विस्तार की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।

बढ़ती आबादी के बीच नियोजित विकास पर जोर

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ की आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवास, व्यापार और सामुदायिक सुविधाओं की बेहतर योजना बनाना जरूरी है। शहर के आसपास के क्षेत्रों में अवैध निर्माण को रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने होंगे। बाराबंकी में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार को देखते हुए वहां नया विकास प्राधिकरण बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके गठन से नए क्षेत्रों में विकास कार्यों को एक निर्धारित योजना के तहत संचालित करने में मदद मिलेगी।

सड़क, जल निकासी जैसी सुविधाओं को मिलेगी प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए विकसित होने वाले क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था शुरुआत से ही सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके लिए सभी विकास प्राधिकरणों में स्थायी टाउन प्लानरों की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है। बैठक में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के आसपास योजनाबद्ध विकास को लेकर भी चर्चा हुई।

गाजियाबाद में बनेगा 30 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम

बैठक में गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने की योजना पर भी विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस परियोजना की संभावनाओं का अध्ययन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) रेवेन्यू शेयर मॉडल के आधार पर करेंगे।

छह जिलों के लिए तैयार होगा विकास का रोडमैप

उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) के तहत लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, उन्नाव और रायबरेली के समग्र विकास की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने इन जिलों के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसी के साथ अलग-अलग विकास कार्यों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी।

प्रस्तावित योजना में प्रत्येक जिले की विशेषताओं के अनुसार विकास की प्राथमिकताएं निर्धारित की गई हैं। लखनऊ में शहरी सुविधाओं और आपदा प्रबंधन क्षमता को बेहतर बनाने, रायबरेली में विनिर्माण एवं डिफेंस इंजीनियरिंग, उन्नाव में औद्योगिक विस्तार और बाराबंकी में कृषि आधारित उद्योगों तथा इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। वहीं, हरदोई में संडीला औद्योगिक कॉरिडोर और सीतापुर में नैमिषारण्य के पर्यटन विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

30 नवंबर तक तैयार होगा क्षेत्रीय योजना-2051 का ड्राफ्ट

राज्य राजधानी क्षेत्र की GIS आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 का प्रारूप 30 नवंबर तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे अंतिम मंजूरी मिलने के बाद अगले पांच वर्षों में प्रस्तावित उद्योगों और अन्य विकास परियोजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। सरकार की इस पूरी कवायद का उद्देश्य छह जिलों में उनकी आर्थिक और भौगोलिक क्षमता के अनुरूप विकास को गति देना है।

यह भी पढ़ें: कानपुर के 42 चौराहों का होगा कायाकल्प, प्रोजेक्ट गिफ्ट से जाम की समस्या होगी दूर

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This