Census 2027 : देश में लंबे समय से जिस प्रक्रिया का इंतजार किया जा रहा था, उसे लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। लद्दाख और बर्फबारी वाले इलाकों के बाद अब देश के चार प्रमुख राज्यों में जनगणना 2027 का काम तेजी से शुरू होने जा रहा है। अगर आप उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड या गोवा में रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है। सरकार ने इन राज्यों में गणना की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आइए जानते हैं कि आपके इलाके में जनगणना का काम कब से शुरू होगा और इस बार क्या नया देखने को मिलेगा।
इन चार राज्यों में इस दिन से शुरू होगी गणना
भारत के महापंजीयक एवं जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना की जाएगी। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलाया जाएगा।
इन राज्यों के लिए संदर्भ तिथि 5 जनवरी 2027 की रात 12 बजे तय की गई है। दरअसल, इन राज्यों में 2027 की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चूंकि शिक्षक और सरकारी कर्मचारी जनगणना और चुनाव दोनों में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए प्रशासनिक सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यहां यह काम पहले निपटाया जा रहा है।
स्व-गणना और बर्फबारी वाले इलाकों का शेड्यूल
इस बार आम जनता को एक बहुत ही शानदार सुविधा मिलने जा रही है। अगर आप खुद से अपनी जानकारी दर्ज करना चाहते हैं, तो 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प चुन सकते हैं।
दूसरी ओर, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फबारी वाले इलाकों में 1 सितंबर से 30 सितंबर तक ही गणना का काम रखा गया है, जिसके लिए संदर्भ तिथि 1 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे रखी गई है। हालांकि, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मणिपुर में मकान-सूचीकरण का काम फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
जनगणना के दौरान पूछे जाएंगे यह 40 मुख्य सवाल
स्वतंत्रता के बाद होने वाली यह 8वीं जनगणना बेहद खास होने वाली है, क्योंकि इसमें हर परिवार से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इस बार की सबसे बड़ी बात यह है कि आजादी के बाद पहली बार जनगणना में जाति से जुड़ा सवाल भी शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा, आपसे परिवार के सदस्यों का नाम, वैवाहिक स्थिति, माता-पिता की जानकारी, मातृभाषा, साक्षरता और डिजिटल साक्षरता से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। साथ ही आपकी कमाई का जरिया, जन्म स्थान, स्थायी निवास और कोविड वैक्सीन की स्थिति से संबंधित जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Hapur News: बदनौली में रास्ते के विवाद में ताबड़तोड़ पथराव और फायरिंग, गांव में PAC तैनात







