Basti road accident: बस्ती-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार शाम एक बहुत ही दुखद घटना सामने आई। अयोध्या से बस्ती की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघ गई और दूसरी लेन में सामने से आ रही एक प्राइवेट बस से टकरा गई। इस भीषण हादसे में कार सवार दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
बस्ती में बस और कार की टक्कर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
रिठिया फ्लाईओवर के पास हादसा
यह दुर्घटना नगर थाना क्षेत्र के रिठिया फ्लाईओवर के पास शाम करीब पांच बजे हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एनएचएआई (NHAI) के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को किसी तरह बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
कार से मिले एक मोबाइल के जरिए मृतकों की पहचान
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के रहने वाले कुंदन कुमार और पंकज कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे साथी रितिक कुमार की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि कार से मिले एक मोबाइल के जरिए मृतकों की पहचान हो सकी और परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में ढहा कच्चा मकान, 4 मासूमों समेत 5 की मौत | UP News







