Barabanki Flood : उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बाराबंकी के रामनगर तहसील क्षेत्र के हेतमापुर में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद कटान ने अचानक रफ्तार पकड़ ली। देखते ही देखते नदी की तेज धारा ने कगार पर बनी मस्जिद, शिव मंदिर और करीब 10 घरों को अपनी चपेट में ले लिया। हालात ऐसे हो गए कि ग्रामीणों को अपने हाथों से पक्के मकान तोड़कर गृहस्थी का सामान सुरक्षित जगह पहुंचाना पड़ा। गांव में नदी के बढ़ते कटान को लेकर अफरातफरी का माहौल है।
सरयू नदी बाढ़ से मची तबाही
शनिवार शाम तक हेतमापुर में नदी का बहाव सामान्य बताया जा रहा था। लेकिन रात करीब दो बजे जलस्तर बढ़ने के साथ कटान तेज हो गया। सबसे पहले नदी के किनारे बनी मस्जिद इसकी चपेट में आई। कुछ ही देर बाद पास का शंकरजी का मंदिर भी नदी में समा गया। इसके बाद कटान का रुख बाबा नारायण दास की तपोस्थली की तरफ हो गया।
सरयू नदी बाढ़ के कारण अब इस धार्मिक स्थल पर भी खतरा मंडरा रहा है। मंदिर के निचले हिस्से का लिंटर नदी में समा चुका है। तपोस्थली और आसपास के इलाकों को बचाने के लिए बाढ़ खंड की ओर से नदी में बोल्डर-पत्थर डाले गए। ईंटों से भरी बोरियां भी नदी में डाली गईं, लेकिन तेज बहाव के सामने ये इंतजाम ज्यादा देर टिक नहीं सके।नदी लगातार कगार को काटती रही और कटान आबादी की तरफ बढ़ता गया।
ग्रामीण खुद तोड़ रहे अपने घर
कटान के मुहाने पर पहुंच चुके मकानों को बचाने की उम्मीद कम होती देख ग्रामीणों ने खुद ही घरों को तोड़ना शुरू कर दिया। जिन मकानों को लोगों ने वर्षों की मेहनत से बनाया था, उन्हीं की दीवारें रविवार को लोग अपने हाथों से गिराते नजर आए। लोग किसी तरह घर का जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित जगह पहुंचा रहे हैं।
पशु अस्पताल भी खतरे में
बाराबंकी बाढ़ का असर अब पशु अस्पताल तक पहुंच गया है। अस्पताल की बाउंड्रीवाल का हिस्सा नदी में समा चुका है और कटान लगातार भवन की तरफ बढ़ रहा है। खतरा बढ़ने के बाद अस्पताल को खाली करा दिया गया है। जरूरी सामान और अन्य सामग्री को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा है।
खेतों को भी निगल रही नदी
ग्रामीणों के मुताबिक, हेतमापुर में इस तरह का भयावह कटान लंबे समय बाद देखने को मिला है। पशु अस्पताल की तरफ आबादी तेजी से कट रही है। वहीं, मस्जिद के पूरब की तरफ नदी करीब पांच बीघा खेती योग्य जमीन भी अपने साथ बहा ले गई। इससे आसपास रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
अधिकारी पहुंचे, लिया जायजा
कटान की गंभीरता देखते हुए रविवार को एडीएम निरंकार सिंह, एएसपी विवेक तिवारी और सीएमओ डॉ. रंजन गौतम समेत अन्य अधिकारी हेतमापुर पहुंचे। एसडीएम आकांक्षा गुप्ता और तहसीलदार विपुल सिंह सुबह से ही मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लेते रहे।
यूपी में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा है। यूपी बाढ़ के बीच सरयू नदी के तेज बहाव और कटान ने बाराबंकी के हेतमापुर में स्थिति को और गंभीर कर दिया है।
यह भी पढ़ें: गुवाहाटी में होगा रोमांचक मुकाबला, कुलदीप के 200 विकेटों पर होंगी निगाहें

