Ayodhya Deepotsav: अयोध्या, जहां दीपोत्सव की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव को इस बार और भव्य बनाने की तैयारी है और इसी को लेकर शासन और प्रशासन के अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। शुक्रवार को अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक कार्य अमृत अभिजात अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम कथा पार्क और राम की पैड़ी परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति को परखा।
निरीक्षण के दौरान राम की पैड़ी की सीढ़ियों की REMODELLING, दीपोत्सव स्थल, दर्शक दीर्घा, सरयू आरती घाट, मुख्य मंच और दीप प्रज्ज्वलन वाले घाटों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों को सभी काम निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए। अमृत अभिजात ने कहा कि इस बार दीपोत्सव का विस्तार किया जाएगा। रामलीला और झांकियों को भी पहले से बेहतर और आकर्षक बनाने की तैयारी है। यानी जैसे-जैसे दीपोत्सव की तारीख करीब आ रही है, अयोध्या में तैयारियों का रंग भी चढ़ता जा रहा है।







