Barsana Radha Ashtami celebration: आस्था और भक्ति के उस पर्व की, जो आज देशभर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। राधा अष्टमी के अवसर पर मथुरा के बरसाना में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। राधा रानी के प्राकट्य उत्सव में शामिल होने के लिए देशभर से श्रद्धालु बरसाना पहुंच रहे हैं। कोई परिवार के साथ लाडली जी के दर्शन की आस में आया है, तो कोई राधे-राधे का संकीर्तन करते हुए भक्ति में लीन नजर आ रहा है।
ब्रह्म मुहूर्त में सुबह करीब 4 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच श्रीराधा रानी का पंचामृत से महा-अभिषेक किया गया। इस पावन दृश्य के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। लाडो के जन्म की मंगल बेला पर भानु भवन बधाइयों के स्वरों से गूंज उठा। नंदगांव से पहुंचे समाजियों के राधा जन्म के पदों ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से भर दिया। सखियां भावविभोर नजर आईं, तो श्रद्धालु ‘राधे-राधे’ के जयकारों में झूमते रहे। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजी बरसाना की गलियां, मंदिरों की सीढ़ियां और परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं से गुलजार हैं। लाडली जी मंदिर में भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकासी की विशेष व्यवस्था भी की गई है।







