Arijit Singh India Tour 2027: बॉलीवुड के चहेते गायक अरिजीत सिंह ने अपने प्रशंसकों को एक बार फिर बड़ी खुशखबरी दी है। इस साल की शुरुआत में जनवरी में प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट की घोषणा करके उन्होंने लाखों संगीत प्रेमियों को चौंका दिया था। उन्होंने कहा था कि वे फिल्मों में गाने के बजाय एक स्वतंत्र सोलो आर्टिस्ट के रूप में अपने म्यूजिक पर ध्यान देना चाहते हैं। अब उन्होंने अपने लाइव कॉन्सर्ट के जरिए मंच पर वापसी का बड़ा ऐलान किया है।
जनवरी से मई तक 9 प्रमुख शहरों में गूंजेगी आवाज
Arijit Singh अपने संगीतमय सफर के 20 साल पूरे होने का जश्न मनाने के लिए 2027 में भारत का दौरा करने जा रहे हैं। यह टूर जनवरी 2027 से शुरू होकर मई 2027 तक चलेगा, जिसमें देश के 9 बड़े शहरों को शामिल किया गया है। इस दौरान अहमदाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे, इंदौर और हैदराबाद के बड़े स्टेडियमों में उनके लाइव शो आयोजित किए जाएंगे। फैंस को ‘tum hi ho’, ‘agar tum saath ho’ और ‘vida karo’ जैसे मशहूर गाने लाइव सुनने का मौका मिलेगा।
फैंस के साथ यादें बांटने को बेताब हैं Arijit
अपने इस लंबे और खूबसूरत सफर को याद करते हुए अरिजीत सिंह ने कहा कि 20 साल का यह अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा है। उनके मुताबिक, इस पूरे सफर की असली ताकत उनके श्रोता रहे हैं, जिन्होंने गानों को दिल से लगाया। वे देश भर में घूमकर अपने प्रशंसकों के बीच जाकर उस प्यार को महसूस करने के लिए काफी उत्सुक हैं और अब और इंतजार नहीं कर पा रहे हैं।
स्टेडियम में देखने को मिलेगा अनोखा नजारा
इस टूर को यादगार बनाने के लिए आयोजकों ने खास तैयारियां की हैं। स्टेडियम में एक विशेष मल्टी-टियर स्टेज और लंबा रनवे तैयार किया जाएगा, ताकि अरिजीत दर्शकों के करीब पहुंच सकें। इसके अलावा 360-डिग्री स्पेशल साउंड, लेजर लाइट्स, dynamic LED और आतिशबाजी का इस्तेमाल होगा। इससे कॉन्सर्ट में आने वाले हर शख्स को एक शानदार और कभी न भूलने वाला म्यूजिक एक्सपीरियंस मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Lucknow Airport Fire: चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के लेबर कैंप में लगी भीषण आग, 3 मंजिला बिल्डिंग जलकर खाक


