Vietnam Blast : वियतनाम की राजधानी हनोई में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक हॉटपॉट रेस्तरां में अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं और कई मकानों को नुकसान पहुंचा। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें धमाके की तीव्रता देखी जा सकती है।
वियतनाम धमाका: हॉटपॉट रेस्तरां में हुआ विस्फोट
हनोई में हुए इस धमाके ने आसपास के इलाके को हिलाकर रख दिया। शुरुआती जांच में विस्फोट की वजह गैस रिसाव बताई जा रही है। बताया गया कि धमाका उस समय हुआ, जब रेस्तरां में काफी लोग मौजूद थे। ऑनलाइन समाचार वेबसाइट वीएन एक्सप्रेस के मुताबिक, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। कई मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और दुकानों के धातु के शटर अपने फ्रेम से उखड़ गए। इसके अलावा छतों और शेड को भी नुकसान पहुंचा। धमाके के बाद सड़क पर मलबा बिखर गया।
हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल ने राहत अभियान शुरू किया। मलबे के नीचे दबे लोगों की तलाश के लिए विशेष उपकरणों की मदद ली जा रही है। कंक्रीट की भारी स्लैब हटाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों ने आसपास की उन इमारतों को भी खाली करा लिया है, जिन्हें धमाके के बाद असुरक्षित माना गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 14 से ज्यादा लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इनमें एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है। हनोई के हॉटपॉट रेस्तरां में हुए विस्फोट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें धमाके की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। आसपास की इमारतों को पहुंचे नुकसान से भी विस्फोट की भयावहता का पता चलता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग घबराकर उठ गए। 26 वर्षीय स्थानीय निवासी लैन फुओंग ने वीएन एक्सप्रेस को बताया कि धमाके के झटके से उनकी और उनकी छोटी बहन की नींद खुल गई। विस्फोट के कारण उनकी बालकनी का दरवाजा उखड़कर करीब तीन मीटर दूर जा गिरा। लैन के मुताबिक, उस समय दोनों कंबल ओढ़कर सो रही थीं, इसलिए उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, धमाके से दोनों काफी डर गई थीं।
हनोई पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में गैस विस्फोट को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रेस्तरां में गैस रिसाव कैसे हुआ और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
यह भी पढ़ें: कानपुर में तेंदुए का आतंक, फूलों के खेत में छिपे जानवर ने 9 ग्रामीणों को किया घायल







