Arvind Kejriwal’s Sheesh Mahal: दिल्ली की राजनीति में लंबे समय तक भूचाल लाने वाला और सबसे ज्यादा चर्चा में रहा सरकारी बंगला अब आम लोगों के लिए खुलने जा रहा है। हम बात कर रहे हैं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के उस बहुचर्चित आवास की, जिसे विपक्षी दलों खासकर बीजेपी ने ‘शीशमहल’ का नाम दिया था। मंगलवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma) ने एक बड़ा ऐलान करते हुए यह साफ कर दिया कि अब राजधानी के लोग और देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक भी इस बंगले के अंदर जाकर इसकी बनावट को अपनी आंखों से देख सकेंगे। आइए जानते हैं कि इस पूरे मामले को लेकर क्या कुछ सामने आया है।
टिकट लेकर मिलेगी एंट्री और क्या है योजना
शुरुआत में इस बात की चर्चा थी कि इस सरकारी आवास को एक ‘स्टेट गेस्ट हाउस’ के रूप में बदला जा सकता है, लेकिन अब सरकार ने अपनी योजना में बदलाव करते हुए इसे सीधे आम जनता के लिए खोलने का फैसला किया है। मंत्री प्रवेश वर्मा के मुताबिक, अगले हफ्ते तक यहां घूमने के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग और टिकटिंग की व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। हालांकि, आम लोगों की एंट्री से पहले देश के मीडिया प्रतिनिधियों को इस बंगले का दौरा कराया जाएगा, ताकि वे अंदर की हकीकत देख सकें। इसके बाद तय नियमों और टिकट के जरिए आम नागरिक परिसर के अंदर प्रवेश पा सकेंगे।

बंगले के निर्माण और साज-सज्जा पर उठे थे सवाल
इस बंगले को जनता के लिए खोलने के पीछे सरकार का मुख्य उद्देश्य इसकी बनावट और उसमें हुए कथित खर्च को सार्वजनिक करना है। आपको बता दें कि 6 फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित इस आवास के नवीनीकरण को लेकर राजनीति में भारी घमासान मचा था। पिछले साल विधानसभा में पेश की गई सीएजी (CAG) रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ था कि इस बंगले के जीर्णोद्धार पर अनुमानित लागत से 342 प्रतिशत अधिक यानी कुल 33.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। रिपोर्ट के अनुसार, इसके नवीनीकरण के दौरान जिम, स्पा, जकूजी, स्मार्ट लाइटिंग, करोड़ों के महंगे पर्दे और वियतनाम से मंगाए गए मार्बल जैसी आलीशान सुविधाओं का इस्तेमाल किया गया था।
सियासी विवादों के बाद अब जनता करेगी फैसला
जिस बंगले को लेकर दिल्ली की सियासत में लंबे समय तक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला, अब उसके दरवाजे जनता के लिए खुलने से मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सरकार का मानना है कि जिस विलासिता और निर्माण कार्यों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठाता रहा है, उसे अब आम लोग खुद जाकर देख सकते हैं। टिकट की कीमत, समय और बुकिंग की प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारियां भी जल्द ही आधिकारिक रूप से साझा कर दी जाएंगी। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आम जनता इस चर्चित बंगले को देखने के बाद क्या प्रतिक्रिया देती है।







