Asian games 2026 से शनिवार को भारत के लिए बेहद खुशी की खबर आई है। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल में अपनी मुख्य प्रतिद्वंद्वी ईरान को 37-34 से हराकर स्वर्ण पदक (gold medal) अपने नाम कर लिया। हांगझोऊ 2023 के बाद लगातार दूसरी बार और कुल चौथी बार भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स में कबड्डी का गोल्ड जीतकर अपना दबदबा बरकरार रखा है।
आखरी मिनटों तक बना रहा रोमांचक मुकाबला
फाइनल मुकाबला शुरू से ही बेहद कड़ा और सांसें रोक देने वाला रहा। भारतीय टीम ने बढ़त बनाकर रखी थी, लेकिन ईरान की खिलाड़ियों ने लगातार प्वॉइंट्स हासिल कर वापसी की कोशिश जारी रखी। मैच के अंतिम मिनट में ईरान को बराबरी के लिए अंक की सख्त जरूरत थी, लेकिन भारत के डिफेंस ने सही समय पर ईरान की रेडर आयनाज को टैकल करके मुकाबले का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।
संजू देवी ने फिर दिखाई अपनी रेडिंग का कमाल
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल दिखाने वाली संजू देवी ने खिताबी मुकाबले में भी अपनी रेडिंग से अहम प्वॉइंट्स जुटाए। पूजा, रितु नेगी, राज रानी, भावना देवी और रितु सहित पूरी टीम ने एकजुट होकर मैदान पर डिफेंस और अटैक का संतुलन बनाए रखा। अब भारतीय फैंस की नजरें पुरुष कबड्डी टीम पर टिकी हैं, जो शनिवार को ही फाइनल में ईरान से अपना खिताब बचाने उतरेगी।
शनिवार को भारत के नाम रहे ये बड़े मेडल
भारतीय एथलीटों के लिए शनिवार का दिन सफल साबित हो रहा है। सावन बरवाल ने पुरुषों की मैराथन में 2:11:37 का राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय निकालकर रजत पदक जीता और 44 साल का इंतजार खत्म किया। इसके अलावा महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदरसा विनोद की तिकड़ी ने सिल्वर मेडल हासिल किया। वहीं स्क्वैश मिक्स्ड डबल्स में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
यह भी पढ़ें: Asian games 2026: Baranica Elangovan ने पोल वॉल्ट में जीता कांस्य पदक, रचा नया इतिहास


